{"vars":{"id": "125128:4947"}}

परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा बने माता-पिता, बेटे के जन्म पर साझा की खुशी


रविवार को दिल्ली में एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा ने बेटे को दिया जन्म, राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पर साझा की इमोशनल पोस्ट

 

बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा और आम आदमी पार्टी के युवा नेता एवं राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के घर रविवार को खुशियों ने दस्तक दी। परिणीति ने दिल्ली के एक निजी अस्पताल में बेटे को जन्म दिया। इस खुशखबरी की जानकारी खुद राघव चड्ढा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के ज़रिए फैंस को दी।

राघव ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा:
“फाइनली! हमारा बेटा आ गया! हमें सच में याद ही नहीं कि इस नन्हे मेहमान के आने से पहले हमारी जिंदगी कैसी थी! हमारी बाहें भरी हैं और हमारे दिल उससे भी ज्यादा भरे हुए हैं। पहले हमारे पास एक-दूसरे का साथ था, अब हमारे पास सब कुछ है। प्यार और आभार के साथ, परिणीति और राघव।

इस इमोशनल पोस्ट के बाद से सोशल मीडिया पर दोनों को बधाइयां मिलने का सिलसिला जारी है। फैंस, सेलिब्रिटीज और राजनीतिक हस्तियां इस नए माता-पिता को शुभकामनाएं दे रही हैं।

सुबह हुई थी अस्पताल में भर्ती

रविवार सुबह यह खबर सामने आई थी कि परिणीति को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसके बाद उनके प्रशंसकों में चिंता बढ़ गई थी। लेकिन शाम होते-होते जब बेटे के जन्म की आधिकारिक पुष्टि हुई, तो फैंस ने राहत की सांस ली और बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई।

 2023 में रचाई थी शादी

परिणीति और राघव चड्ढा ने सितंबर 2023 में उदयपुर में शाही अंदाज़ में शादी रचाई थी। यह कपल हमेशा ही अपनी केमिस्ट्री और सादगी के लिए चर्चा में रहा है। अब उनके जीवन में इस नए अध्याय की शुरुआत ने सभी को उत्साहित कर दिया है।