पंकज त्रिपाठी की मां का 89 वर्ष की उम्र में निधन, कहा- मां का आशीर्वाद और यादें हमेशा रहेंगी साथ
बॉलीवुड एक्टर पंकज त्रिपाठी की मां हेमवंती देवी ने बिहार के गोपालगंज स्थित गांव में ली अंतिम सांस। परिजनों और प्रियजनों की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार।
भदैनी मिरर। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता पंकज त्रिपाठी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अभिनेता की मां हेमवंती देवी का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने बिहार के गोपालगंज जिले स्थित अपने पैतृक गांव में परिवार और प्रियजनों के बीच अंतिम सांस ली।
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, हेमवंती देवी बीते कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं और उम्र संबंधी समस्याओं से जूझ रही थीं।
आखिरी वक्त में मां के साथ थे पंकज त्रिपाठी
पंकज त्रिपाठी अपनी मां के बेहद करीब थे। उनके अंतिम समय में भी पंकज गांव में मौजूद रहे। मां के निधन के बाद अभिनेता ने एक भावनात्मक बयान जारी कर कहा- “हम सभी से निवेदन है कि हमें इस कठिन समय में प्रार्थनाओं में याद रखें और हमारी निजता का सम्मान करें।”
परिवार ने बताया कि 1 नवंबर 2025 को बेसलंड में हेमवंती देवी का अंतिम संस्कार परिवार और प्रियजनों की उपस्थिति में किया गया।
फैंस ने दी श्रद्धांजलि, कहा — हिम्मत रखिए पंकज जी
पंकज त्रिपाठी के फैंस और बॉलीवुड इंडस्ट्री के साथी कलाकारों ने सोशल मीडिया पर उन्हें हिम्मत दी और हेमवंती देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
फैंस ने लिखा- “मां भले अब न रहें, लेकिन उनका आशीर्वाद और संस्कार हमेशा आपके साथ रहेंगे।”
खुद पंकज त्रिपाठी ने अपनी मां को याद करते हुए कहा, “उन्होंने एक लंबा और संपूर्ण जीवन जिया। उनका आशीर्वाद और यादें हमेशा हमारे साथ रहेंगी।”