{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Mukesh Khanna: "4000 करोड़ खर्च करना पैसे की बर्बादी..." मुकेश खन्ना ने रणबीर कपूर की 'रामायण' पर फिर साधा निशाना

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म के बजट, सीता के एक्शन सीक्वेंस और भव्यता पर भड़के अभिनेता; धार्मिक और पौराणिक फिल्मों के लिए एक अलग 'अप्रूवल कमेटी' बनाने की मांग।

 

मुंबई / नई दिल्ली (भदैनी मिरर): सिनेमा जगत और धार्मिक मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखने के लिए जाने जाने वाले वरिष्ठ अभिनेता मुकेश खन्ना ने एक बार फिर निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' (Ramayan) पर तीखा हमला बोला है। बिना फिल्म देखे पहले भी सवाल खड़े कर चुके 'शक्तिमान' फेम मुकेश खन्ना ने इस बार फिल्म के भारी-भरकम बजट, सीता के एक्शन सीक्वेंस और कॉरपोरेट स्केल को लेकर कई चौंकाने वाले बयान दिए हैं। उनका कहना है कि इस तरह की पौराणिक गाथाओं में भव्यता के चक्कर में मूल भावनाओं और पटकथा के साथ समझौता किया जा रहा है।

4000 करोड़ रुपये के बजट पर उठाए सवाल

समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान मुकेश खन्ना ने फिल्म के कथित 4000 करोड़ रुपये के विशाल बजट पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि दर्शकों के साथ भावनात्मक रूप से जुड़ने के लिए 'रामायण' जैसी महागाथा को इतने बड़े बजट की आवश्यकता नहीं होती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या निर्माताओं को इस महाकाव्य को ईमानदारी से पर्दे पर उतारने के बजाय अपना भारी-भरकम निवेश वसूलने की ज्यादा चिंता सता रही है? मुकेश ने साफ शब्दों में कहा, "अगर 4000 करोड़ रुपये का खर्च कहानी पर ही भारी पड़ जाए, तो मैं इसे पैसे की बर्बादी कहूंगा। भव्यता के चक्कर में कहानी की मूल भावना और जज्बातों की बलि दी जा रही है।"

कहा- 1000 करोड़ की कमाई का भी कोई मतलब नहीं

मुकेश खन्ना का मानना है कि रामायण जैसी पवित्र और संवेदनशील कथाओं को परखने का पैमाना केवल बॉक्स ऑफिस के आंकड़े या 1000 करोड़ रुपये की कमाई नहीं होना चाहिए। यदि फिल्म निर्माताओं ने महत्वपूर्ण जानकारियों को छोड़ दिया हो या कहानी के कुछ पहलुओं को गलत ढंग से पेश किया हो, तो ऐसी कमाई का कोई औचित्य नहीं रह जाता। उनके मुताबिक, ऐसे ग्रंथों को जीवंत करने के साथ उनके मूल सार को सुरक्षित रखना निर्माताओं की सबसे बड़ी नैतिक जिम्मेदारी है।

ऐतिहासिक और माइथोलॉजिकल फिल्मों के लिए हो 'विशेष कमेटी'

इंटरव्यू के अंत में मुकेश खन्ना ने सेंसर बोर्ड की भूमिका पर भी बात की और एक नया सुझाव सामने रखा। उन्होंने कहा कि सेंसर बोर्ड के अलावा पौराणिक और ऐतिहासिक फिल्मों के लिए एक अलग और समर्पित आयोग (Dedicated Commission) बनाया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव देते हुए कहा, "चाहे रामायण हो, महाभारत हो या फिर भगवान गणेश पर कोई फिल्म बन रही हो, एक स्कॉलर्स (विद्वानों) की कमेटी होनी चाहिए जो स्क्रिप्ट को रिव्यू करे और अप्रूवल दे। जब तक ऐसी कमेटी से अनुमति न मिले, तब तक ऐसी फिल्मों को बनाने की परमिशन नहीं दी जानी चाहिए। जैसे इस रामायण में सीता का एक्शन सीन था, लोग ऐसे किसी की आस्था और धर्म को लेकर कुछ भी नहीं दिखा सकते।"

स्टार-स्टडेड है नितेश तिवारी की 'रामायण'

गौरलतब है कि नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित और नमित मल्होत्रा द्वारा प्रोड्यूस की जा रही फिल्म 'रामायण' में सिनेमा जगत के कई बड़े सितारे नजर आने वाले हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में दिखाई देंगी। इसके अलावा फिल्म में यश (रावण), रवि दुबे (लक्ष्मण) और सनी देओल (हनुमान) समेत काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह और अरुण गोविल जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में शामिल हैं।