{"vars":{"id": "125128:4947"}}

'मुकेश खन्ना का खुलासा: रणवीर सिंह को शक्तिमान बनाने के खिलाफ ठुकराया करोड़ों का चेक, बोले- पैसों से ऊपर हैं सिद्धांत'

3 घंटे तक समझाने के बाद भी नहीं माने मुकेश खन्ना; कहा- रणवीर 'किलविश' बन सकते हैं, लेकिन शक्तिमान नहीं

 

बॉलीवुड (भदैनी मिरर): भारतीय टेलीविजन के आइकॉनिक सुपरहीरो 'शक्तिमान' (Shaktimaan) को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारियां लंबे समय से चर्चा में हैं। हालांकि, शक्तिमान का किरदार निभाकर घर-घर में लोकप्रिय हुए अभिनेता मुकेश खन्ना इस प्रोजेक्ट में रणवीर सिंह (Ranveer Singh) की कास्टिंग के सख्त खिलाफ हैं। हाल ही में एक पॉडकास्ट में मुकेश खन्ना ने खुलासा किया कि उन्होंने इस रोल और फिल्म के कॉन्सेप्ट से असहमत होकर करोड़ों रुपये का चेक तक रोक दिया है।

"व्यावसायिक रूप से बेवकूफी, लेकिन सिद्धांतों से समझौता नहीं"

शुभोजित घोष को दिए इंटरव्यू में मुकेश खन्ना ने बताया कि उन्होंने सोनी पिक्चर्स (Sony Pictures) के साथ बन रही इस फिल्म के लिए करोड़ों का अगला भुगतान स्वीकार करने से मना कर दिया।

उन्होंने कहा, "व्यावसायिक तौर पर देखें तो मैं बेवकूफी कर रहा हूं। मैंने लाखों नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये का चेक रोक रखा है। मेरे दफ्तर के लोगों ने कहा कि सर पैसे ले लीजिए, बाकी बातें बाद में होती रहेंगी। लेकिन मैंने साफ मना कर दिया। मेरे लिए पैसों से बढ़कर सिद्धांत हैं।"

मुकेश खन्ना को डर है कि मेकर्स आधुनिकता के नाम पर शक्तिमान की मूल आत्मा और छवि से खिलवाड़ कर सकते हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कल को वे शक्तिमान को डिस्को में डांस करते हुए भी दिखा सकते हैं, जो उन्हें कतई मंजूर नहीं है।

रणवीर सिंह की ऊर्जा की तारीफ, लेकिन चेहरे पर उठाये सवाल

मुकेश खन्ना ने याद किया कि जब रणवीर सिंह उनसे इस रोल के सिलसिले में मिलने आए थे, तो वे 3 घंटे तक उनसे बात करते रहे और फर्श पर बैठकर उन्हें मनाते रहे। उन्होंने रणवीर की ऊर्जा की तुलना दिग्गज अभिनेता देवानंद से की। हालांकि, इसके बावजूद वे रणवीर को इस रोल में नहीं देख पा रहे हैं।

मुकेश खन्ना ने कहा:

  • सकारात्मक छवि की जरूरत: "रणवीर सिंह धुरंधर, गली बॉय या खिलजी का रोल निभा सकते हैं, लेकिन शक्तिमान नहीं बन सकते। शक्तिमान के लिए बेहद सकारात्मक चेहरे और छवि की जरूरत है, जो रणवीर के पास नहीं है। उनका चेहरा थोड़ा नटखट और योजनाकार (scheming) जैसा लगता है।"

  • किलविश के रोल की पेशकश: मुकेश खन्ना ने आगे कहा कि रणवीर एक बेहतरीन अभिनेता हैं और वे चाहें तो फिल्म में मुख्य विलेन 'किलविश' (Kilvish) का रोल निभा सकते हैं, क्योंकि 'पद्मावत' में उन्होंने खिलजी का नकारात्मक किरदार शानदार ढंग से निभाया था।

2022 में हुई थी ट्रिलॉजी की घोषणा

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में सोनी पिक्चर्स ने शक्तिमान पर एक भव्य फिल्म ट्रिलॉजी (तीन फिल्मों की श्रृंखला) बनाने का आधिकारिक ऐलान किया था। हालांकि, स्टूडियो की तरफ से रणवीर सिंह के नाम पर कभी आधिकारिक मुहर नहीं लगाई गई थी।

मुकेश खन्ना का स्पष्ट कहना है कि जिन्होंने शक्तिमान को बनाया है, वे इसके मूल्यों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होने देंगे।