Mika Singh Challenges: ‘अगर दलेर मेहंदी को कभी शराब पीते देख लिया, तो गाना छोड़ दूंगा
उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में कैबिनेट मंत्री द्वारा दलेर मेहंदी को मंच पर टोके जाने के मामले पर गरमाई सियासत
मनोरंजन डेस्क (भदैनी मिरर): उत्तराखंड के टिहरी जिले में स्थित प्रसिद्ध कुंजापुरी मेले के दौरान मंच पर मशहूर गायक दलेर मेहंदी और राज्य के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुए विवाद का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मंत्री द्वारा मंच पर दलेर मेहंदी पर शराब पीने का आरोप लगाने और शो रोकने के बाद अब उनके भाई व गायक मीका सिंह खुलकर दलेर मेहंदी के समर्थन में उतर आए हैं। मीका सिंह ने एक वीडियो जारी करते हुए यहां तक कह दिया है कि यदि दलेर मेहंदी को कभी शराब पीते देख लिया जाए, तो वे गाना छोड़ देंगे।
"बिना फैक्ट्स चेक किए आरोप लगाना गलत"
मीका सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए मीडिया रिपोर्ट्स और आरोपों पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा—
"मैंने खबरें देखीं कि दलेर मेहंदी नशे में थे और ठीक से खड़े नहीं हो पा रहे थे। मैं पूछना चाहता हूं कि वह पिछले 30 सालों से सुपरस्टार हैं, क्या आपने कभी उनके हाथ में शराब का गिलास देखा है? बिना सच जाने ऐसा कैसे कहा जा सकता है?"
मीका ने स्पष्ट किया कि एक कलाकार के तौर पर कई बार तबीयत खराब होने या 104 डिग्री बुखार होने के बावजूद वे लोग जनता से किए गए कमिटमेंट को पूरा करने के लिए स्टेज पर उतरते हैं। दलेर मेहंदी पिछले दो साल से अस्वस्थ चल रहे हैं और इसके बावजूद अपनी टीम के साथ लगातार परफॉर्म कर रहे हैं।
कोल्डप्ले बैंड का दिया उदाहरण
मीका सिंह ने कड़े शब्दों में कहा कि दलेर मेहंदी भारत के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में से एक हैं, इसलिए उन्हें आसान निशाना बना लिया जाता है। क्या विदेशी बैंड 'कोल्डप्ले' के साथ ऐसा बर्ताव करने की कोई हिम्मत कर सकता है? उन्होंने मीडिया से अपील की कि किसी भी खबर को छापने से पहले तथ्यों की जांच जरूर करनी चाहिए, क्योंकि एक गलत हेडलाइन किसी की सालों की कमाई हुई इज्जत को बर्बाद कर सकती है।
क्या है पूरा मामला?
बीती 18 अक्टूबर को नवरात्रि के पावन अवसर पर टिहरी जिले के कुंजापुरी मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी परफॉर्म कर रहे थे। इसी दौरान स्थानीय विधायक और उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और उन्होंने सार्वजनिक रूप से दलेर मेहंदी को रोकते हुए आरोप लगाया कि वे शराब के नशे में मंच पर आए हैं, जिसके बाद से यह पूरा विवाद देश भर में चर्चा का विषय बना हुआ है।