इमरान खान को मुंबई पुलिस का झटका: मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने पर देश छोड़ने का नोटिस, जानें पूरा मामला
वीजा नियमों के उल्लंघन के आरोप में यह कार्रवाई की गई है
डिजिटल डेस्क, भदैनी मिरर। बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता और आमिर खान के भांजे इमरान खान की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। मुंबई पुलिस ने अभिनेता को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई मुंबई के ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन में उनकी हिस्सेदारी को लेकर की गई है।
अमेरिकी नागरिकता और इमिग्रेशन एक्ट का उल्लंघन
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अभिनेता इमरान खान के पास अमेरिकी पासपोर्ट है और वे भारत में 'ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया' (OCI) कार्डधारक के रूप में रह रहे हैं। मुंबई पुलिस ने उनके खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट की धारा 7 और 29 के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू की है।
पुलिस का कहना है कि भारतीय नागरिक न होने के बावजूद किसी राजनीतिक विरोध प्रदर्शन या आंदोलन में भाग लेना वीजा नियमों और विदेशी नागरिकता कानून का स्पष्ट उल्लंघन है। इसी आधार पर उन्हें 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है।
अगस्त क्रांति मैदान में हुए प्रदर्शन से जुड़ा है मामला
दरअसल, बीते दिनों मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 'सिटिजन्स फॉर जस्टिस एंड पीस' (CJP) और अन्य संगठनों द्वारा प्रदर्शन आयोजित किया गया था। इस प्रदर्शन में इमरान खान भी शामिल हुए थे, जिसके बाद शनिवार को मुंबई पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था।
पुलिस वैन से शेयर की फोटो, नागरिक के तौर पर उठाए सवाल
हिरासत में लिए जाने के बाद इमरान खान ने पुलिस वैन के अंदर से अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की, जिसमें उन्होंने मजाकिया लहजे में लिखा- "लगता है मैं ड्राइव पर जा रहा हूं।"
बाद में मीडिया से बातचीत करते हुए अभिनेता ने अपनी सफाई में कहा- "मेरी कोई अलग से मांग नहीं है। मैं यहाँ एक आम नागरिक के तौर पर आया हूँ, जो इसी शहर में रहता है। मैं केवल यह जानने आया हूँ कि लोगों की आवाजाही और अभिव्यक्ति की आजादी पर पाबंदी क्यों लगाई जा रही है? लोगों की आवाज को क्यों दबाया जा रहा है?"
भाजपा नेता किरीट सोमैया की शिकायत के बाद बढ़ी सख्ती
इस मामले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता किरीट सोमैया ने सख्त रुख अपनाया था। उन्होंने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए इमरान खान को तुरंत गिरफ्तार करने और देश से डिपोर्ट (बाहर) करने की मांग की थी।
सोमैया का आरोप है कि इमरान खान ने विदेशी नागरिक होते हुए भी भारत में एक गैर-कानूनी राजनीतिक आंदोलन में भाग लिया और भाषण दिए। उन्होंने पुलिस को इसके वीडियो और सबूत भी सौंपे थे, जिसके बाद पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है।