{"vars":{"id": "125128:4947"}}

पत्नी सुनीता के आरोपों पर गोविंदा का पलटवार: बोले— 'बहुत सी बातें आसमान में लिखी गईं

दही हांडी इवेंट में पहली बार गोविंदा ने पर्सनल लाइफ के विवादों पर तोड़ी चुप्पी; 'रूपा' और 'दुनियादारी' फिल्मों से बड़े पर्दे पर कमबैक की तैयारी।

 

भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के निजी रिश्तों को लेकर चल रही खींचतान के बीच आखिरकार एक्टर ने अपनी चुप्पी तोड़ दी है। मुंबई में आयोजित 'यूथ शक्ति दही हांडी' इवेंट के दौरान गोविंदा ने इशारों-इशारों में अपनी बात रखी और फैंस से इस कठिन समय में सहयोग व प्रार्थना की अपील की।

'बहुत सी बातें आसमान में लिख दी गईं'

इवेंट में सांस्कृतिक महत्व पर बात करने के बाद गोविंदा ने अपनी पर्सनल लाइफ पर चल रहीं चर्चाओं की ओर इशारा करते हुए कहा, "बहुत सी बातें आसमान में लिख दी गई हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि वे साफ हो जाएं और गोविंदा उन्हें क्लियर कर पाए।" उन्होंने आगे कहा, "गोविंदा आगे बढ़ पाएं, ऐसी प्रार्थना करता हूं। आप सभी लोगों का सहयोग और साथ चाहिए।"

सुनीता आहूजा के आरोपों से गरमाया था मामला

बता दें कि सुनीता आहूजा पिछले काफी समय से गोविंदा के कथित अफेयर्स और निजी जिंदगी को लेकर बयान देती रही हैं। यह विवाद तब और बढ़ गया जब गोविंदा की आने वाली फिल्म 'रूपा' की को-स्टार कोमल रानी के लुक पर सुनीता ने सार्वजनिक रूप से टिप्पणी की। इसके अलावा, सुनीता ने पहले फैमिली कोर्ट का रुख किया था और राखी सावंत के साथ एक बातचीत में यह दावा भी किया था कि गोविंदा शादी करने वाले थे। हालांकि बाद में उन्होंने अपना रुख नरम करते हुए एक इंटरव्यू में कहा था कि वे गोविंदा से प्यार करती हैं और उन पर भरोसा रखती हैं।

'रूपा' और 'दुनियादारी' से बड़े पर्दे पर कमबैक

निजी जिंदगी में मचे घमासान के बीच गोविंदा अपने फिल्मी करियर की नई शुरुआत करने जा रहे हैं। उन्होंने इवेंट में बताया कि वह जल्द ही बड़े पर्दे पर वापसी करेंगे। उनकी आने वाली फिल्मों में 'रूपा' और 'दुनियादारी' शामिल हैं। गोविंदा के इस बयान के बाद उनकी पर्सनल लाइफ के साथ-साथ उनके बॉलीवुड कमबैक को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।