{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Bethlehem Kudumba Unit OTT Release: ओटीटी प्लेटफॉर्म 'JioHotstar' पर रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म

सिनेमाघरों में 'प्रेमालु' का रिकॉर्ड तोड़ने के बाद अब ओटीटी पर छाई गिरीश एडी की यह सुपरहिट कॉमेडी फिल्म; हिंदी में भी हुई स्ट्रीम।

 

मनोरंजन डेस्क (भदैनी मिरर): बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान रचने वाली मलयालम सिनेमा की ब्लॉकबस्टर कॉमेडी-रोमांटिक फिल्म 'बेथलेहेम कुरुम्बा यूनिट' (Bethlehem Kudumba Unit) अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक दे चुकी है। गिरीश एडी के निर्देशन में बनी और निविन पॉली व ममिता बैजू स्टारर यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर स्ट्रीम कर दी गई है। खास बात यह है कि मूल मलयालम के साथ-साथ यह फिल्म हिंदी भाषा में भी उपलब्ध कराई गई है।

'प्रेमालु' का रिकॉर्ड तोड़कर बनाई खास पहचान

वर्ष 2024 की सुपरहिट फिल्म 'प्रेमालु' के निर्देशक गिरीश एडी की यह पांचवीं फीचर फिल्म है, जिसने कमाई के मामले में 'प्रेमालु' के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है। केरल के सिनेमाघरों में कई हफ्तों तक शानदार प्रदर्शन करने के बाद भी दर्शकों में इसका क्रेज कम नहीं हुआ है और अब ओटीटी पर रिलीज होते ही इसे दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है।

क्या है फिल्म की कहानी?

गिरीश एडी और किरण जोसी द्वारा लिखी गई इस फिल्म की कहानी एर्नाकुलम जिले के अंगमाली कस्बे की पृष्ठभूमि पर आधारित है। आर्थिक तंगी के कारण छात्रा एशले (ममिता बैजू) का परिवार अंगमाली शिफ्ट होता है। वहाँ उसकी मुलाकात अपने पड़ोसी और उम्र में बड़े कैटरर जस्टिन (निविन पॉली) से होती है।

दोनों के बीच उम्र का बड़ा फासला होने के बावजूद, उनके बीच आपसी सम्मान और संगीत के प्रति साझा प्रेम के जरिए एक खूबसूरत रिश्ता आकार लेता है। फिल्म में दोनों की केमिस्ट्री को बेहद सहज, मर्यादा से भरपूर और दिल छू लेने वाले अंदाज में पेश किया गया है।

दमदार अभिनय और सजीव निर्देशन

फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी स्टारकास्ट है। 'प्रेमालु' फेम ममिता बैजू ने गिटार बजाने वाली स्वतंत्र विचारों की युवती एशले के किरदार को जीवंत कर दिया है। वहीं, साउथ के लोकप्रिय अभिनेता निविन पॉली ने कन्फ्यूज्ड, शार्ट-टेम्पर्ड लेकिन बेहद प्यारे 'जस्टिन' के रूप में एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे इस तरह के किरदारों के लिए क्यों जाने जाते हैं।

फिल्म में संगीत विष्णु विजय का है, जिसके मधुर गाने कहानी के प्रवाह को और खूबसूरत बनाते हैं। इसके अलावा संगीत पाटिल, संगीत प्रताप (जोएल), रोशन शनावास (ग्लिक्सन) और विनय फोर्ट (अलेक्स) जैसे कलाकारों ने भी अपने अभिनय से फिल्म में जान फूँक दी है।

ओटीटी पर घर बैठे लें ब्लॉकबस्टर का आनंद

2 घंटे 37 मिनट की यह खूबसूरत फिल्म दर्शकों को रोजमर्रा की चिंताओं से दूर एक सुकून भरे और मनोरंजक सफर पर ले जाती है। यदि आप भी एक बेहतरीन और दिल को छू लेने वाली पारिवारिक कॉमेडी-ड्रामा फिल्म देखना चाहते हैं, तो जियोहॉटस्टार पर यह फिल्म हिंदी व मलयालम में अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ देख सकते हैं।