{"vars":{"id": "125128:4947"}}

आम्रपाली दुबे मां बनने को बेताब, इमोशनल होकर बोलीं- 'मां'...

"शौहरत और प्यार के बाद भी मन में एक खालीपन है"

 

भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री आम्रपाली दुबे इन दिनों अपने रिएलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' (Bhojpuri Bawaal) को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। जहां एक तरफ शो में सितारों के बीच तगड़ा विवाद देखने को मिल रहा है, वहीं दूसरी तरफ आम्रपाली दुबे का एक इमोशनल वीडियो सामने आया है, जिसने फैंस के दिलों को छू लिया है। इस वीडियो में आम्रपाली ने अपने दिल का हाल बयां करते हुए जल्द ही मां बनने की ख्वाहिश जाहिर की है।

"शौहरत और प्यार के बाद भी मन में एक खालीपन है"

जियो हॉटस्टार पर शेयर किए गए इस खास वीडियो में आम्रपाली बेहद भावुक नजर आ रही हैं। उन्होंने अपनी फेम और पर्सनल लाइफ पर बात करते हुए कहा:

"इस पॉपुलैरिटी की जो सबसे अच्छी बात लगती है वो ये कि जहां भी जाऊं आम्रपाली-आम्रपाली सुनने को मिलता है। घर आकर पालू-पालू सुनने को मिलता है। लेकिन यह सारा प्यार और शोर मन के एक खालीपन को कभी नहीं भर पाता। एक शब्द है जिसे सुनने के लिए सच में मेरे कान तरस रहे हैं, और वो है 'मां'।"

गोद लेने (Adoption) की लीगल प्रोसेस जारी, फैंस से मांगा आशीर्वाद

इस वीडियो के सोशल मीडिया पर आते ही आम्रपाली दुबे ने खुद कमेंट करके अपनी अडॉप्शन योजना की पुष्टि की। उन्होंने लिखा, "मां तो मां होती है, चाहे देवकी मां हो या यशोदा मां। आप सब भी अपना आशीर्वाद दें कि मेरी बच्चे को गोद लेने (Adoption) की लीगल प्रोसेस जल्द से जल्द पूरी हो जाए और मैं इस जिम्मेदारी को बखूबी निभा सकूं।"

परिवार के विरोध से इमोशनल हुईं आम्रपाली

इससे पहले सामने आए एक प्रोमो में देखा गया था कि जब आम्रपाली अपने माता-पिता के सामने बच्चा गोद लेने की बात रखती हैं, तो पूरा परिवार हैरान रह जाता है। उनके माता-पिता इस फैसले से सहमत नजर नहीं आते और इसे सही न ठहराते हुए मना करते हैं, जिसके बाद आम्रपाली काफी भावुक होकर रोने लगती हैं।

शो में काजल राघवानी और आम्रपाली के बीच छिड़ा घमासान

गौरतलब है कि शो 'भोजपुरी बवाल' की शुरुआत से ही आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी के बीच तीखी बहस देखने को मिल रही है। काजल राघवानी ने दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' के साथ आम्रपाली के रिश्ते पर सवाल उठाए थे और आरोप लगाया था कि निरहुआ की सिफारिश पर उन्हें कई फिल्मों और गानों से हटाकर आम्रपाली को कास्ट किया गया।

काजल के इन आरोपों के जवाब में आम्रपाली ने भी सोशल मीडिया पर पलटवार करते हुए कहा था कि दूसरी महिलाओं के कैरेक्टर पर सवाल उठाना किसी भी तरह का 'वुमन एम्पावरमेंट' (महिला सशक्तिकरण) नहीं है।

फिलहाल, विवादों के बीच आम्रपाली के मां बनने और बच्चा गोद लेने के इस फैसले की फैंस जमकर तारीफ कर रहे हैं और उनके इस लीगल प्रोसेस के जल्द पूरे होने की कामना कर रहे हैं।