{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी पहुंचीं अभिनेत्री हिमांशी खुराना, बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए और गंगा आरती में शामिल होकर मांगी खुशहाली की दुआ

पंजाबी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री हिमांशी खुराना दो दिनों के वाराणसी प्रवास पर रहीं, घाटों पर की सैर, स्थानीय व्यंजनों का लिया स्वाद

 
वाराणसी। पंजाबी सिनेमा और म्यूज़िक इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री एवं मॉडल हिमांशी खुराना इन दिनों काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा में सराबोर नज़र आईं। अभिनेत्री ने अपने परिवार के साथ बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी पहुंचकर मंदिर में दर्शन किए और सुख-शांति व खुशहाली की कामना की।
दो दिनों के प्रवास के दौरान हिमांशी ने काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन के बाद अपने माथे पर चंदन लगाकर सोशल मीडिया पर कई तस्वीरें भी पोस्ट कीं, जिन्हें उनके प्रशंसकों ने खूब सराहा। पोस्ट वायरल होने के साथ फैंस ने उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दीं।
गंगा घाटों का भ्रमण और आध्यात्मिक अनुभव
अभिनेत्री ने वाराणसी के ऐतिहासिक गंगा घाटों का भ्रमण किया। उन्होंने नाव यात्रा करते हुए घाटों की सुंदरता और गंगा आरती की आध्यात्मिक अनुभूति को बेहद खास बताया। कहा कि काशी की सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक वातारण ने उनके दिल को शांति से भर दिया।
परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना
हिमांशी ने बताया कि वह लंबे समय से काशी आने की इच्छा रखती थीं। यहां आने के बाद उन्हें मानसिक और आध्यात्मिक सुकून प्राप्त हुआ है। अभिनेत्री ने बाबा विश्वनाथ से परिवार और भविष्य के लिए मंगलकामना की।
पारंपरिक स्वाद और संस्कृति से हुई प्रभावित
प्रवास के दौरान हिमांशी ने बनारस के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया और स्थानीय संस्कृति को करीब से जाना। उन्होंने कहा कि काशी की पहचान केवल आध्यात्मिकता ही नहीं, बल्कि यहां की संस्कृति, लोग और स्वाद भी अविस्मरणीय हैं।
कौन हैं हिमांशी खुराना?
हिमांशी खुराना पंजाबी फिल्म और म्यूज़िक जगत की जानी-मानी अदाकारा हैं। उन्हें इंडस्ट्री की “ऐश्वर्या राय” के नाम से भी जाना जाता है। टीवी रियलिटी शो बिग बॉस 13 में नज़र आने के बाद उन्हें न सिर्फ पंजाब, बल्कि देशभर में प्रसिद्धि मिली।
27 नवंबर 1991 को पंजाब में जन्मीं हिमांशी ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। बाद में वह कई चर्चित म्यूज़िक वीडियो और सुपरहिट फिल्मों का हिस्सा बनीं। उनकी पहली फिल्म ‘सड्डा हक’ से उन्हें विशेष पहचान मिली। सोशल मीडिया पर भी हिमांशी की जबरदस्त फैन फॉलोइंग है।