{"vars":{"id": "125128:4947"}}

अर्चना पूरन सिंह के घर आईं 'छोटी बहू', बेटा आयुष्मान गोद में उठाकर लाया घर

समीक्षा ने कॉफी मशीन को बताया 'दहेज', बालकनी से ताली बजाती दिखीं अर्चना पूरन सिंह

 

मुंबई/मनोरंजन। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री और 'द कपिल शर्मा शो' की जज अर्चना पूरन सिंह का घर इन दिनों खुशियों और उत्सव से सराबोर है। बड़े बेटे आर्यमन और उनकी मंगेतर योगिता बिहानी के बाद, अब छोटे बेटे आयुष्मान सेठी भी अपनी गर्लफ्रेंड समीक्षा के साथ सेठी हाउस में शिफ्ट हो गए हैं। सोशल मीडिया पर इस 'ग्रैंड वेलकम' का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

'ये तो दहेज है' - समीक्षा का मजाक

आयुष्मान के लेटेस्ट व्लॉग में दिखाया गया कि आयुष्मान, बड़े भाई आर्यमन और योगिता के साथ समीक्षा के पुराने घर उन्हें लेने पहुंचे। सामान समेटते समय समीक्षा के हाथ में एक बड़ी कॉफी मशीन थी, जिसे कैमरे की ओर दिखाते हुए उन्होंने मजाक में कहा— "यह मेरा दहेज है।" इस पर आर्यमन ने हंसते हुए जवाब दिया कि उनके पिता परमीत सेठी इस 'दहेज' को पाकर सबसे ज्यादा खुश होंगे।

परमीत सेठी के नक्शेकदम पर आयुष्मान

घर पहुँचते ही आयुष्मान ने अपनी गर्लफ्रेंड समीक्षा को फिल्मी स्टाइल में बाहों में उठाया और मुख्य द्वार से अंदर ले गए। उन्हें इस अंदाज में देख बालकनी में खड़ी अर्चना पूरन सिंह खुशी से झूम उठीं और तालियां बजाने लगीं। आयुष्मान ने बताया कि उन्हें यह प्रेरणा अपने पिता परमीत सेठी से मिली, जो शादी के बाद अर्चना को चार मंजिल ऊपर तक गोद में उठाकर ले गए थे। हालांकि, आयुष्मान ने मजाक में कहा कि वह केवल पहली मंजिल तक ही यह हिम्मत जुटा पाए।

बेटे के कमरे पर खर्च हुए लाखों

व्लॉग में आयुष्मान के नए सजे-धजे कमरे की झलक भी दिखाई गई। आर्यमन ने खुलासा किया कि आयुष्मान ने कमरे के रेनोवेशन के लिए मम्मी-पापा से काफी पैसे लिए हैं। आयुष्मान ने भी बेबाकी से स्वीकार किया कि एक समय वह केवल 10,000 रुपये कमाते थे, लेकिन माता-पिता का दिल बहुत बड़ा है। उन्होंने अपनी अलमारी का एक बड़ा हिस्सा समीक्षा के लिए खाली कर दिया है।

जल्द गूंजेगी शहनाई

सेठी परिवार में अब दोनों बेटे अपनी पार्टनर के साथ एक ही छत के नीचे रह रहे हैं। बड़े बेटे आर्यमन और योगिता बिहानी की शादी की तैयारियां भी जोरों पर हैं। अर्चना अक्सर अपने व्लॉग के जरिए अपने मॉडर्न और खुशहाल परिवार की झलकियां फैंस के साथ साझा करती रहती हैं।