{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं हरित ऊर्जा पर कार्यशाला आयोजित

वाराणसी: आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और हरित ऊर्जा पर दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित

 

भदैनी मिरर डेस्क, रामनगर (वाराणसी): डोमरी स्थित आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय में 7 और 8 अगस्त को “सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट एंड ग्रीन एनर्जी सर्कुलर इकोनॉमी” विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

वाराणसी रिसाइक्लर्स प्राइवेट लिमिटेड (VRPL) के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा 10वीं, 11वीं, 12वीं एवं स्नातक स्तर की छात्राओं ने भाग लिया।

अपशिष्ट से ऊर्जा और सर्कुलर इकोनॉमी पर विशेषज्ञों का मंथन

कार्यशाला के मुख्य वक्ता 'वाराणसी रिसाइक्लर्स प्राइवेट लिमिटेड' के संस्थापक एवं निदेशक पीयूष पाण्डेय रहे। उन्होंने 'विकसित भारत-2047' और 'समृद्ध उत्तर प्रदेश' मिशन के संदर्भ में हरित ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन, पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) और कचरा प्रबंधन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं महाविद्यालय की सीएमओ अपूर्वा पाण्डेय ने मुख्य वक्ता का स्वागत अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया।

पर्यावरण संरक्षण के लिए युवाओं का आह्वान

महाविद्यालय की निदेशक प्रो. कल्पलता पाण्डेय ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ भविष्य के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है।

आयोजकों के अनुसार, इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान और नवाचार से जोड़ती हैं, जिससे उनमें पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।

वृक्षारोपण के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन

कार्यशाला का संचालन सुश्री अंजली विश्वकर्मा और सुश्री अनामिका तिवारी ने किया। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. सूर्य प्रकाश वर्मा रहे, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अरुण कुमार दुबे ने प्रस्तुत किया।

दो दिवसीय सत्र के समापन के बाद मुख्य वक्ता और महाविद्यालय के शिक्षकों ने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया। इस अवसर पर डॉ. प्रतिमा राय, डॉ. लक्ष्मी, दीपक कुमार गुप्ता, सीमा मिश्रा, वैशाली पाण्डेय, सोफिया खानम, अल्पा तिवारी, चंदन चौधरी, मिथिलेश कुमार झा, अर्चना शर्मा, विवेक कृष्ण दुबे, सूरज पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में छात्राएं और शिक्षक उपस्थित रहे।