वाराणसी: डोमरी के बाल विद्यालय में एक दिवसीय 'कजरी कार्यशाला' का आयोजन
निदेशक मुकुल पाण्डेय और प्रधानाचार्या नीता त्रिपाठी ने किया दीप प्रज्वलन; बच्चों ने सीखी पूर्वांचल की लोक गायन परंपरा
वाराणसी (भदैनी मिरर न्यूज़): पड़ाव स्थित बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल, डोमरी (वाराणसी) में गुरुवार, 20 अगस्त को एक दिवसीय ‘‘कजरी कार्यशाला’’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य भावी पीढ़ी को पूर्वांचल की समृद्ध लोक सांस्कृतिक धरोहर और पारंपरिक कजरी गायन से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वांचल की सुप्रसिद्ध लोकगीत गायिका श्रीमती रंजना राय उपस्थित रहीं। कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि रंजना राय, विद्यालय के निदेशक श्री मुकुल पाण्डेय एवं प्रधानाचार्या श्रीमती नीता त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
बच्चों ने सीखे कजरी के आठ विभिन्न प्रकार
कार्यशाला के दौरान मुख्य अतिथि श्रीमती रंजना राय ने विद्यार्थियों को कजरी की समृद्ध परंपरा, इसके ऐतिहासिक महत्व और इसके विभिन्न सुरों-ताल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को विशेष रूप से आठ अलग-अलग प्रकार की कजरी की शैलियों के बारे में बताया और स्वयं गाकर बच्चों को कजरी गायन का अभ्यास कराया। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक कजरी के सुरों को सीखा।
स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती नीता त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि श्रीमती रंजना राय को स्मृति चिह्न और अंग वस्त्रम् भेंट कर सम्मानित किया। विद्यालय परिवार ने पूर्वांचल की लोक कला को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के इस प्रयास की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।