वाराणसी: सीताराम चतुर्वेदी कॉलेज में IIT रुड़की की 'वर्चुअल लैब' कार्यशाला संपन्न
दो दिवसीय वर्कशॉप में वाराणसी और मिर्जापुर के 6 प्रमुख स्कूलों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा; आधुनिक तकनीक से प्रयोगात्मक शिक्षा हासिल करने में दिखाई रुचि।
भदैनी मिरर: वाराणसी के डोमरी (रामनगर) स्थित आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय में आईआईटी रुड़की के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय “वर्चुअल लैब” कार्यशाला का शनिवार को सफल समापन हो गया। कार्यशाला के दूसरे दिन विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल तकनीकों और वर्चुअल लैब के माध्यम से प्रयोगात्मक शिक्षण पद्धतियों से जोड़ना रहा।
विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 180 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा
इस दो दिवसीय आयोजन में आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय के अलावा बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल (डोमरी व प्रहलादघाट), श्रीमती प्यारी देवी इंटर कॉलेज (रामनगर), सेंट स्टीफन स्कूल (रामनगर) और मिर्जापुर के रामप्रसाद बालिका इंटर कॉलेज (नारायणपुर) के विद्यार्थियों व शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
विशेषज्ञों ने सिखाए डिजिटल प्रैक्टिकल के तरीके
दूसरे दिन आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों ने वर्चुअल लैब के डिजिटल संसाधनों और प्रयोगात्मक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। छात्रों ने कंप्यूटर और ऑनलाइन माध्यम से जटिल वैज्ञानिक प्रयोगों को करने की तकनीक सीखी। इस दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की तकनीकी व शैक्षणिक जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
निदेशक और प्राचार्या ने दी शुभकामनाएं
महाविद्यालय की निदेशक प्रो. कल्पलता पाण्डेय ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन और उन्हें आधुनिक तकनीक से अपडेट रखने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। प्राचार्य प्रो. राम नरेश शर्मा ने आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों, सभी आगंतुक विद्यालयों के प्रतिभागियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का प्रतिवेदन डॉ. सोफिया खानम ने प्रस्तुत किया और संचालन श्रीमती अल्पा चतुर्वेदी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की सीएमओ श्रीमती अपूर्वा पाण्डेय समेत भारी संख्या में शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे।