वाराणसी: के वी पब्लिक स्कूल में अभिभावक-शिक्षक बैठक संग निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
प्रगति पत्रक वितरण के साथ अभिभावकों की स्वास्थ्य जांच, शिक्षा-स्वास्थ्य के समन्वय पर जोर
वाराणसी के सुसुवाही स्थित के वी पब्लिक स्कूल में 30 मार्च 2026 को अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावकों ने विद्यालय पहुंचकर अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
अभिभावक-शिक्षक बैठक के दौरान छात्र-छात्राओं को उनके प्रगति पत्रक वितरित किए गए। शिक्षकों ने अभिभावकों से सीधे संवाद कर छात्रों के प्रदर्शन, उनकी क्षमताओं और सुधार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस पहल से अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के निदेशक डॉ. अजय कुमार पांडेय ने शिक्षा और स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के बीच मजबूत तालमेल बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखना आवश्यक है।
इसी क्रम में नंदन अस्पताल और आईएमएस बीएचयू से जुड़ीं डॉ. कल्पना सिंह के सहयोग से विद्यालय परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में अभिभावकों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया।
विद्यालय प्रबंधन ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी अभिभावकों और चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूकता बढ़ाई जा सके और छात्रों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।