{"vars":{"id": "125128:4947"}}

UP Board 10th Result 2026: वाराणसी के सूर्यदीप प्रजापति बने जिला टॉपर, दिव्या को गणित में मिले 100 में 100 अंक

यूपी बोर्ड हाईस्कूल में चमके काशी के सितारे: टॉप-10 में बेटियों का दबदबा, 96.83% अंकों के साथ सूर्यदीप ने मारी बाजी

 

वाराणसी, भदैनी मिरर: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने गुरुवार को हाईस्कूल परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार भी वाराणसी के मेधावियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जिले की मेरिट लिस्ट में जहाँ सूर्यदीप प्रजापति ने प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं विकास इंटर कॉलेज की छात्राओं ने भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।

सूर्यदीप ने किया टॉप, मानसी और अंशिका रहीं दूसरे स्थान पर

लहुराबीर स्थित पीएमश्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज के छात्र सूर्यदीप प्रजापति ने 600 में से 581 अंक (96.83%) प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे पायदान पर संयुक्त रूप से मानसी यादव (बीएसआईसी पैगंबरपुर) और अंशिका यादव (श्रद्धा इंटरमीडिएट कॉलेज, कचनार) रहीं, जिन्होंने 576 अंक प्राप्त किए। तीसरे स्थान पर शर्मिला इंटर कॉलेज के शिवम कुमार (95.83%) रहे।

विकास इंटर कॉलेज की दिव्या का 'मैथमेटिकल' धमाका

इस वर्ष विकास इंटर कॉलेज, परमानंदपुर की छात्राओं ने जिले की टॉप-10 सूची में जगह बनाकर सबको प्रभावित किया है। विद्यालय की दिव्या सिंह ने जिले में 9वां स्थान प्राप्त किया, उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि गणित विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त करना रही। दिव्या के पिता समर बहादुर सिंह और माता राधा सिंह ने बताया कि यह उनकी बिटिया की प्रतिदिन 4 घंटे की कड़ी मेहनत का परिणाम है।

वहीं, इसी विद्यालय की इशिता सिंह ने 94.33% अंक पाकर जिले में 10वां स्थान हासिल किया। इशिता ने गणित में 99 अंक प्राप्त किए हैं। उनके पिता बाबू लाल सिंह (शिक्षक) और माता श्वेता पटेल ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त किया है।

रैंक परीक्षार्थी का नाम विद्यालय अंक/प्रतिशत
1 सूर्यदीप प्रजापति पीएमश्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज 581 (96.83%)
2 मानसी यादव, अंशिका यादव पैगंबरपुर / कचनार 576 (96%)
3 शिवम कुमार शर्मिला इंटर कॉलेज 575 (95.83%)
4 आराध्या बरनवाल आरएससीबीआईसी कपिसा 572 (95.33%)
5 अमन मौर्या प्रोजेक्ट माला एचएसएस 571 (95.17%)
9 दिव्या सिंह विकास इंटर कॉलेज 567 (94.50%)
10 इशिता सिंह विकास इंटर कॉलेज 566 (94.33%)

46 हजार परीक्षार्थियों के बीच खुशी की लहर

बता दें कि इस वर्ष वाराणसी जिले में हाईस्कूल की परीक्षा में कुल 46,300 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही सफल छात्रों के घरों और स्कूलों में जश्न का माहौल है। शिक्षकों ने मेधावियों को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।