NEET UG Exam 2026 Guidelines: कल होगी नीट परीक्षा, जूते और फुल बाजू के कपड़े पहनकर आए तो नहीं मिलेगी एंट्री; जानें 10 जरूरी नियम
नीट यूजी परीक्षा के लिए एनटीए (NTA) ने कड़ा ड्रेस कोड और दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एग्जाम सेंटर जाने से पहले छात्र जरूरी डॉक्यूमेंट्स और एंट्री टाइम की जानकारी यहां देख लें।
देश: मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए होने वाली देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा 'नीट यूजी' (NEET UG) रविवार, 3 मई को आयोजित की जा रही है। दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:20 बजे तक चलने वाली इस परीक्षा के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बेहद सख्त नियम और ड्रेस कोड लागू किए हैं। परीक्षा में किसी भी प्रकार की धांधली रोकने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
अगर आप भी इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, तो केंद्र पर पहुंचने से पहले इन 10 नियमों को ध्यान से पढ़ लें:
1. ड्रेस कोड का रखें विशेष ध्यान
-
पुरुष अभ्यर्थी: आधी बाजू की शर्ट या टी-शर्ट और साधारण ट्राउजर पहनें। पूरी बाजू वाले या मेटल बटन वाले कपड़े पहनने से बचें।
-
महिला अभ्यर्थी: आधी बाजू की कुर्ती या टॉप पहनें। बड़े बटन, ब्रोच, फूल या कढ़ाई वाले कपड़ों की अनुमति नहीं है।
-
जूते बैन: परीक्षा केंद्र पर जूते पहनकर आने की मनाही है। केवल पतले सोल वाली चप्पल या कम हील की सैंडल ही पहनें।
2. प्रतिबंधित वस्तुएं
छात्रों को अपने साथ मोबाइल, ब्लूटूथ, घड़ी, कैलकुलेटर, पेन, ज्योमेट्री बॉक्स या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने की अनुमति नहीं होगी। आभूषण (जैसे अंगूठी, कान की बाली, नाक की लौंग, हार, कड़ा) और बेल्ट, स्कार्फ पहनकर आने पर भी पाबंदी है।
3. महत्वपूर्ण डॉक्यूमेंट लिस्ट
अभ्यर्थियों को अपने साथ निम्नलिखित दस्तावेज लाना अनिवार्य है:
-
एडमिट कार्ड (पासपोर्ट फोटो चिपका हुआ)।
-
पासपोर्ट साइज फोटो (हाजिरी शीट के लिए)।
-
पोस्ट कार्ड साइज फोटो (4x6) परफॉर्मा पर चिपका हुआ।
-
ओरिजिनल आईडी प्रूफ: आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या अन्य सरकारी फोटो युक्त पहचान पत्र।
4. रिपोर्टिंग और एंट्री का समय
परीक्षा केंद्रों पर एंट्री सुबह 11:00 बजे से शुरू हो जाएगी। दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। 1:30 बजे गेट बंद कर दिए जाएंगे।
5. पेन सेंटर पर ही मिलेगा
छात्रों को अपना पेन ले जाने की जरूरत नहीं है। परीक्षा हॉल में NTA द्वारा ही बॉल पॉइंट पेन उपलब्ध कराया जाएगा।
6. पारंपरिक और धार्मिक पोशाक
यदि कोई अभ्यर्थी अपनी संस्कृति या धर्म के अनुसार विशेष पोशाक (जैसे हिजाब, कृपाण आदि) पहनकर आ रहा है, तो उन्हें तलाशी के लिए रिपोर्टिंग समय से कम से कम डेढ़ घंटा पहले (दोपहर 12:30 बजे तक) केंद्र पर पहुंचना होगा।
7. OMR शीट भरने के नियम
OMR शीट पर रोल नंबर और विवरण बहुत ध्यान से भरें। केवल काले बॉल पॉइंट पेन का उपयोग करें और गोलों को पूरी तरह गहरा भरें। ओवरराइटिंग या व्हाइटनर का प्रयोग वर्जित है।
8. बायोमैट्रिक और सुरक्षा जांच
सभी अभ्यर्थियों को अनिवार्य बायोमैट्रिक प्रक्रिया से गुजरना होगा। यदि कोई छात्र टॉयलेट ब्रेक लेता है, तो वापस आने पर उसकी दोबारा तलाशी (Frisking) ली जाएगी।
9. रफ कार्य
रफ कार्य के लिए अलग से कागज नहीं दिया जाएगा। बुकलेट में दी गई निर्धारित जगह पर ही रफ कार्य करना होगा।
10. मौसम और यात्रा की सलाह
NTA ने बारिश और तूफान की संभावना को देखते हुए छात्रों को सलाह दी है कि वे गूगल मैप के भरोसे न रहें और ट्रैफिक व मौसम को ध्यान में रखते हुए केंद्र पर समय से काफी पहले पहुंचें।