Kashi Vidyapeeth Convocation: काशी विद्यापीठ का दीक्षांत समारोह 28 जुलाई को, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी अध्यक्षता
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा समारोह; तेलंगाना के वाई. सुंदर राव को मिलेगी डी.लिट्. की मानद उपाधि
वाराणसी (भदैनी मिरर): महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का भव्य दीक्षांत समारोह आगामी 28 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम पूर्वाहन 11:45 बजे सिगरा स्थित रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में संपन्न होगा। दीक्षांत समारोह की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर विश्वविद्यालय के भगवानदास केंद्रीय पुस्तकालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यक्रम से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की गई।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी अध्यक्षता, दिग्गज हस्तियां होंगी शामिल
दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल करेंगी।
समारोह के प्रमुख अतिथि:
-
मुख्य अतिथि: शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (SCI) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) कैप्टन बी.के. त्यागी।
-
अति विशिष्ट अतिथि: उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री श्री योगेंद्र उपाध्याय एवं उच्च शिक्षा राज्य मंत्री श्रीमती रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।
हैंडलूम में नवाचार के लिए तेलंगाना के वाई. सुंदर राव को डी.लिट्. की उपाधि
इस बार काशी विद्यापीठ एक विशेष नवाचार को सम्मानित करने जा रहा है। हैंडलूम टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान देने वाले और इम्पोर्टेड (आयातित) मशीनों का स्वदेशी (इंडियन) विकल्प तैयार करने वाले तेलंगाना के उद्यमी श्री वाई. सुंदर राव को विश्वविद्यालय द्वारा डी.लिट्. (D.Litt.) की मानद उपाधि से नवाजा जाएगा।
26 मेधावी विद्यार्थियों को दिए जाएंगे 43 पदक
प्रेस वार्ता में दी गई जानकारी के अनुसार, इस दीक्षांत समारोह में कुल 26 मेधावी विद्यार्थियों को 43 पदक वितरित किए जाएंगे। इनमें खेलकूद क्षेत्र के 2 पदक भी शामिल हैं। महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल अपने कर-कमलों से 25 मेधावी छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित करेंगी।
शिक्षकों का भी होगा सम्मान
विश्वविद्यालय में शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले विश्वविद्यालय परिसर और सम्बद्ध महाविद्यालयों के कुल 4 शिक्षकों को भी मंच से सम्मानित किया जाएगा।