बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल, डोमरी में होली मिलन समारोह, छात्रों ने गुरुजनों संग खेली अबीर-गुलाल की होली
अवकाश से पहले विद्यालय परिसर में दिखा उत्साह, प्रधानाचार्या नीता त्रिपाठी ने सुरक्षित व शांतिपूर्ण होली मनाने का दिया संदेश
वाराणसी, भदैनी मिरर। होली पर्व से पूर्व अवकाश के अवसर पर बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल में होली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में छात्रों और शिक्षक-शिक्षिकाओं के बीच अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों को गुलाल लगाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। विद्यालय का वातावरण रंगों से सराबोर नजर आया और ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो होली का पर्व उसी दिन हो।
विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी आपसी सौहार्द का परिचय देते हुए एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी। पूरे परिसर में उत्साह, उमंग और खुशी का माहौल देखने को मिला।
विद्यालय की प्रधानाचार्या नीता त्रिपाठी ने इस अवसर पर सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी लोग होली का पर्व सुरक्षित, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा खुशहाल रहें।
होली मिलन कार्यक्रम के साथ ही विद्यालय में अवकाश की घोषणा की गई और छात्र-छात्राएं उल्लासपूर्वक अपने घरों के लिए रवाना हुए।