{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल डोमरी में कक्षा 12 का विदाई समारोह सम्पन्न

संजली कुमारी बनीं मिस फेयरवेल, मयंक यादव मिस्टर फेयरवेल

 

वाराणसी। पड़ाव क्षेत्र स्थित बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल डोमरी में मंगलवार को कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं का विदाई समारोह (फेयरवेल) बड़े ही हर्षोल्लास एवं भावुक वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स को विभिन्न टाइटल देकर सम्मानित किया और भावभीनी विदाई दी।

कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती की प्रतिमा पर तिलक एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से माहौल को जीवंत बना दिया। कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं ने केक काटकर आगामी बोर्ड परीक्षा के लिए विद्यालय परिवार से आशीर्वाद प्राप्त किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं सोसाइटी सचिव मुकुल पाण्डेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। मेहनत, आत्मविश्वास और अनुशासन से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने बच्चों को संघर्ष और उतार-चढ़ाव के समय अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन को याद रखने की सीख दी।

प्रधानाचार्या ने अपने उद्बोधन के अंत में सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए परीक्षा में सर्वोत्तम अंक प्राप्त करने का आशीर्वाद दिया।

समारोह के दौरान कला वर्ग की संजली कुमारी को मिस फेयरवेल तथा विज्ञान वर्ग के मयंक यादव को मिस्टर फेयरवेल चुना गया, जिसे लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रबंधन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।