India AI Impact Expo 2026: आज पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे भव्य उद्घाटन, पाकिस्तान को न्यौता तक नहीं
30+ देशों से 300 से ज्यादा मेहमान होंगे शामिल, 600+ स्टार्टअप, 300 प्रदर्शनी पवेलियन और 500 से ज्यादा सत्र
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम पांच बजे नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक यह भव्य आयोजन 16 से 20 फरवरी तक चलेगा, जिसके साथ इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट भी आयोजित की जा रही है।
यह एक्सपो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के वास्तविक और व्यावहारिक उपयोग का राष्ट्रीय मंच बनेगा, जहां नीति, नवाचार और तकनीक एक साथ आम नागरिकों तक पहुंचने का रास्ता तैयार करेंगे। आयोजन 70 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैले 10 एरेना में होगा, जिसमें वैश्विक टेक कंपनियां, स्टार्टअप, शिक्षाविद, शोध संस्थान, केंद्रीय मंत्रालय, राज्य सरकारें और अंतरराष्ट्रीय भागीदार हिस्सा लेंगे।
13 देशों के पवेलियन, वैश्विक सहयोग पर फोकस
एक्सपो में ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड्स, स्विट्जरलैंड, सर्बिया, एस्टोनिया, ताजिकिस्तान और अफ्रीका सहित 13 देशों के विशेष पवेलियन लगाए गए हैं। इन पवेलियनों के जरिए एआई क्षेत्र में वैश्विक साझेदारी और तकनीकी सहयोग को प्रदर्शित किया जाएगा।
300 से ज्यादा प्रदर्शनी पवेलियन और लाइव डेमो
कार्यक्रम में 300 से अधिक प्रदर्शनी पवेलियन और लाइव प्रदर्शन होंगे। एक्सपो की थीम तीन प्रमुख स्तंभों—**लोग, ग्रह और उन्नति**—पर आधारित है।
- लोग: शिक्षा, स्वास्थ्य और नागरिक सेवाओं में एआई के प्रयोग
- ग्रह: पर्यावरण संरक्षण और जलवायु समाधान
- उन्नति: उद्योग, व्यापार और आर्थिक विकास में एआई की भूमिका
600 से अधिक स्टार्टअप दिखाएंगे जमीनी समाधान
इस मेगा इवेंट में 600 से ज्यादा स्टार्टअप भाग ले रहे हैं, जिनमें कई ऐसे हैं जिनके एआई आधारित समाधान पहले से वास्तविक दुनिया में लागू हो चुके हैं। ये स्टार्टअप कृषि, स्वास्थ्य, स्मार्ट सिटी, शिक्षा और शासन जैसे क्षेत्रों में अपने नवाचार प्रस्तुत करेंगे।
2.5 लाख से अधिक आगंतुकों की संभावना
आयोजकों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों समेत करीब ढाई लाख लोगों के इस एक्सपो में पहुंचने की उम्मीद है। उद्देश्य है—वैश्विक एआई इकोसिस्टम में नई साझेदारियां बनाना और बड़े व्यावसायिक अवसर पैदा करना।
500 से ज्यादा सत्र, 3250 विशेषज्ञ वक्ता
एक्सपो के दौरान 500 से अधिक सत्र आयोजित होंगे, जिनमें 3250 से ज्यादा विशेषज्ञ और वक्ता हिस्सा लेंगे। इन चर्चाओं में एआई के भविष्य, इसके सामाजिक-आर्थिक प्रभाव और नागरिकों तक तकनीक के लाभ पहुंचाने की रणनीतियों पर मंथन किया जाएगा।
पाकिस्तान को नहीं भेजा गया निमंत्रण
भारत सरकार ने कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों, मंत्रियों, राजनयिकों, तकनीकी विशेषज्ञों और उद्यमियों को आमंत्रित किया है, लेकिन पड़ोसी देश पाकिस्तान को इस सम्मेलन के लिए न्योता नहीं दिया गया है। विदेश मंत्रालय ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।
सरकार का मानना है कि इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 भारत को वैश्विक एआई हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा और डिजिटल भविष्य को नई रफ्तार देगा।