{"vars":{"id": "125128:4947"}}

पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे की अप्रकाशित किताब सोशल मीडिया पर लीक, दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR

‘Four Stars of Destiny’ नामक आगामी पुस्तक की प्री-प्रिंट PDF इंटरनेट पर वायरल, स्पेशल सेल ने शुरू की जांच

 

नई दिल्ली। पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की आगामी पुस्तक ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के कथित रूप से सोशल मीडिया पर लीक होने के मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, इस किताब को अभी संबंधित प्राधिकरणों से आधिकारिक प्रकाशन की अनुमति नहीं मिली थी।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन न्यूज फोरम पर यह जानकारी सामने आई थी कि पुस्तक की प्री-प्रिंट कॉपी इंटरनेट पर साझा की जा रही है। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पेशल सेल में केस दर्ज किया गया।

वेबसाइट्स पर मिली PDF कॉपी

शुरुआती जांच में सामने आया है कि ‘Four Stars of Destiny’ शीर्षक से टाइपसेट की गई एक PDF फाइल कुछ वेबसाइट्स पर उपलब्ध थी। यह कॉपी कथित तौर पर पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तैयार की गई प्रतीत हो रही है।
इसके अलावा, कुछ ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म पर किताब का फाइनल कवर भी इस तरह प्रदर्शित किया गया, मानो पुस्तक बिक्री के लिए उपलब्ध हो।

गोपनीयता उल्लंघन की आशंका

दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह मामला एक ऐसी पुस्तक से जुड़ा है जिसे अभी औपचारिक मंजूरी मिलनी बाकी थी। ऐसे में इसे संभावित गोपनीयता उल्लंघन और कॉपीराइट कानून के तहत गंभीर मामला माना जा रहा है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्री-प्रिंट कॉपी इंटरनेट तक कैसे पहुंची, इसमें किन लोगों या संस्थाओं की भूमिका हो सकती है और क्या किसी स्तर पर सुरक्षा या कॉपीराइट प्रोटोकॉल का उल्लंघन हुआ है।

अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।