{"vars":{"id": "125128:4947"}}

दिल्ली में खौफनाक बदला: जहां की थी भाई की हत्या, वहीं से 100 मीटर दूर दूसरे युवक को भी उतारा मौत के घाट

बवाना के पूठ खुर्द गांव की घटना; मामूली विवाद में सोनू ने सचिन को गोली मारा, तो भाई नरेश ने कातिल को पकड़कर मार गिराया।

 

भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के बवाना थाना क्षेत्र अंतर्गत पूठ खुर्द गांव में रविवार आधी रात को खून से सनी एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने हर किसी को दहला दिया। मामूली विवाद के बाद एक युवक ने दूसरे की गोली मारकर हत्या कर दी, लेकिन इसके तुरंत बाद मृतक के भाई ने खौफनाक कदम उठाते हुए कातिल को ही मौत के घाट उतार दिया। इस डबल मर्डर (दोहरे हत्याकांड) की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करने वाले मृतक के भाई नरेश को गिरफ्तार कर लिया है।

गौशाले में खून के निशान और चले थे कारतूस

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर की आधी रात के आसपास बवाना पुलिस स्टेशन को पूठ खुर्द गांव में गोली चलने और झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को महर्षि वाल्मीकि (MV) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 27 वर्षीय सचिन के रूप में हुई, जिसके सीने में गोली लगी थी। घटनास्थल यानी सचिन के परिवार के पशुबाड़े (गौशाला) की जांच के दौरान पुलिस को वहां खून के भारी धब्बे और तीन खाली कारतूस बरामद हुए।

100 मीटर दूर गली से मिला दूसरे युवक का शव

घटनास्थल की गहन छानबीन के दौरान पुलिस को गौशाला से करीब 100 मीटर दूर एक अन्य गली से दूसरा शव भी बरामद हुआ। मृतक की पहचान सोनू उर्फ प्रदीप के रूप में हुई। आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालने और पूछताछ करने के बाद जो सच सामने आया, उसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए।

भाई की हत्या का ऐसे लिया बदला

सीसीटीवी फुटेज और शुरुआती जांच में खुलासा हुआ कि रविवार आधी रात को किसी विवाद के बाद सोनू उर्फ प्रदीप ने सचिन को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। जैसे ही यह बात सचिन के भाई नरेश को पता चली, उसने गुस्से में आकर आरोपी सोनू उर्फ प्रदीप को खदेड़ कर पकड़ लिया और उसकी भी हत्या कर दी।

घटना की पुष्टि करते हुए दिल्ली पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी नरेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरी वारदात के पीछे के सटीक कारणों, आपसी रंजिश के इतिहास और इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी के लिए आगे की तफ्तीश में जुटी हुई है। एक ही रात में दो युवकों की इस तरह मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।