Delhi NCR Auto Taxi Strike: दिल्ली-NCR में 3 दिन की हड़ताल; जानें क्या ओला-ऊबर और ऑटो सेवाएं भी रहेंगी बंद?
दिल्ली-एनसीआर में मालवाहक वाहनों की 3 दिवसीय हड़ताल आज से शुरू
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में आज यानी 21 मई से लेकर 23 मई तक ट्रांसपोर्ट संगठनों ने तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। अखिल भारतीय मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (AIMTC) के बैनर तले बुलाए गए इस चक्का जाम से दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के उन लाखों लोगों के मन में डर है जो रोजाना ऑटो और टैक्सी से सफर करते हैं। हालांकि, आम जनता के लिए राहत की बड़ी खबर यह है कि दिल्ली के प्रमुख ऑटो और टैक्सी यूनियनों ने खुद को इस हड़ताल से पूरी तरह अलग कर लिया है।
क्या ओला, ऊबर और रैपिडो कैब बंद हैं?
यदि आप ऐप बेस्ड कैब जैसे ओला (Ola), ऊबर (Uber) या रैपिडो (Rapido) का इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए राहत की बात है। इन कंपनियों ने हड़ताल का समर्थन नहीं किया है और इनकी सेवाएं आम दिनों की तरह सामान्य रूप से चालू हैं। कुछ चुनिंदा ड्राइवर स्वेच्छा से बंद रख सकते हैं, लेकिन दिल्ली से नोएडा और रेलवे स्टेशनों के लिए कैब की बुकिंग आसानी से हो रही है।
ऑटो और टैक्सी के इन 5 बड़े संगठनों ने बनाई दूरी
दिल्ली के ऑटो-रिक्शा और टैक्सी संघों के एक बड़े धड़े ने साफ किया है कि आम जनता को परेशान होने की जरूरत नहीं है। दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ के महासचिव राजेंद्र सोनी के मुताबिक, निम्नलिखित संगठनों ने इस हड़ताल से दूरी बना ली है:
-
दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ
-
दिल्ली प्रदेश टैक्सी यूनियन
-
ऑटो ड्राइवर्स वेलफेयर संघ दिल्ली
-
प्रगतिशील ऑटो-रिक्शा ड्राइवर्स यूनियन
-
नेशनल कैपिटल रीजन (NCR) ऑटो टैक्सी ट्रांसपोर्ट यूनियन
यूनियन का बयान: "यह हड़ताल मुख्य रूप से मालवाहक (ट्रक और कमर्शियल) वाहनों के मुद्दों को लेकर है। हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं है। दिल्ली के सभी रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और हवाई अड्डों पर ऑटो-टैक्सी सेवाएं सामान्य रूप से संचालित रहेंगी।"
क्यों हो रही है हड़ताल? जानें मुख्य वजह
ट्रांसपोर्टर संगठन एआईएमटीसी (AIMTC) ने दिल्ली में कमर्शियल वाहनों पर बढ़ाए गए पर्यावरण क्षतिपूर्ति अधिभार (ECC) और बीएस-4 (BS-4) या उससे पुराने वाहनों पर प्रस्तावित प्रतिबंध के विरोध में चक्का जाम किया है। संगठनों का कहना है कि सरकार की इन नीतियों से उनकी आजीविका पर सीधा और गहरा असर पड़ेगा।
सीएनजी (CNG) के दाम बढ़ने से नाराज हैं ऑटो चालक, किराये में बढ़ोतरी की मांग
हड़ताल से अलग हुए दिल्ली के ऑटो-टैक्सी यूनियनों ने सरकार को चेतावनी जरूर दी है। राजेंद्र सोनी ने कहा कि दिल्ली में लगातार बढ़ रहे सीएनजी के दामों के कारण ऑटो और टैक्सी चालकों पर भारी आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
-
किराया बढ़ाने की मांग: यूनियन की मांग है कि दिल्ली सरकार तुरंत ऑटो और टैक्सी के किराये में सम्मानजनक बढ़ोतरी करे।
-
सीएम से मुलाकात की इच्छा: इन मुद्दों को सुलझाने के लिए संघ के प्रतिनिधि जल्द ही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात करना चाहते हैं।
-
आगे की रणनीति: यदि दिल्ली सरकार ने उनकी मांगों पर विचार नहीं किया, तो ये 5 संगठन भविष्य में अलग से आंदोलन या हड़ताल की रणनीति तैयार करेंगे, लेकिन फिलहाल वे इस 3 दिन की हड़ताल का हिस्सा नहीं हैं।