Delhi Fake Ghee Raid: त्योहारी सीजन से पहले दिल्ली में नकली घी का भंडाफोड़
Delhi Fake Ghee News: त्योहारी सीजन से पहले नकली घी का बड़ा खेल; 60% डिस्काउंट और 'बाय वन गेट वन' के लालच में बिक रहा था जहर, 19 नमूने असुरक्षित
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली:राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में त्योहारी सीजन के मद्देनजर मिलावटखोरों का खेल एक बार फिर बेनकाब हुआ है। पनीर और खोये के बाद अब बाजारों में बड़े पैमाने पर नकली और मिलावटी देसी घी खपाए जाने का मामला सामने आया है। हैरान करने वाली बात यह है कि ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए इस नकली घी को '60 प्रतिशत तक भारी छूट' और 'एक के साथ एक मुफ्त' (Buy 1 Get 1 Free) के लुभावने विज्ञापनों के जरिए बेचा जा रहा था। खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में इसका खुलासा हुआ है।
भारी डिस्काउंट और ऑफर्स की आड़ में खेल
दिल्ली खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety Department) को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभिन्न बाजारों में औचक निरीक्षण किया गया। जांच में सामने आया कि कुछ दुकानदार भारी डिस्काउंट और ऑफर्स का लालच देकर घटिया और मिलावटी घी को बाजारों में खपा रहे हैं।
विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विकासपुरी और हस्तसाल गांव समेत कई इलाकों से छापेमारी कर 322.53 लीटर/किलोग्राम संदिग्ध घी जब्त किया है:
-
विकासपुरी: मैक्सकार्ट और अग्रवाल स्टोर से घी के 5 नमूने लेकर 75.53 लीटर संदिग्ध घी जब्त किया गया।
-
हस्तसाल गांव: अग्रवाल स्टोर से श्री शान, वृंदा फार्म्स और अवतार ब्रांड के घी के 3 नमूने लेकर 246 किलोग्राम घी जब्त किया गया। इसके अलावा आजाद मार्केट, लाजपत नगर और रिठाला से भी मिठाई, मखाना, हल्दी, बिस्कुट और कैंडी के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
जांच में 19 नमूने असुरक्षित, कारोबारियों पर कानूनी शिकंजा
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा कुल 59 घी के नमूनों की जांच कराई गई, जिसके चौंकाने वाले परिणाम सामने आए हैं:
-
19 नमूने असुरक्षित पाए गए हैं।
-
4 नमूने तय मानकों से बेहद कम (सब-स्टैंडर्ड) मिले हैं।
लैब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 (FSSA 2006) के तहत अभियोजन (Prosecution) की कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की इस कार्रवाई से त्योहारी सीजन में मिलावट करने वाले कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।