{"vars":{"id": "125128:4947"}}

दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित सीएम हाउस में जनसुनवाई के दौरान 35 वर्षीय युवक ने किया हमला, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

 
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह एक बड़ी घटना सामने आई जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर उनके आधिकारिक आवास सिविल लाइंस स्थित सीएम हाउस में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान हमला हो गया। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक, जनसुनवाई में शामिल होने आए एक 35 वर्षीय युवक ने पहले मुख्यमंत्री गुप्ता को कुछ कागज दिए और अचानक उन पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हमलावर को पकड़ लिया और उसे सिविल लाइंस थाने ले जाया गया।
भाजपा ने की घटना की निंदा
घटना की निंदा करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि “मुख्यमंत्री पर जनसुनवाई के दौरान हमला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है।” भाजपा नेताओं ने सुरक्षा एजेंसियों से पूरे मामले की गहन जांच करने की मांग की है।
कांग्रेस ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
वहीं, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने घटना को “बहुत दुर्भाग्यपूर्ण” बताते हुए कहा कि अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिक और महिलाएं खुद को कैसे सुरक्षित महसूस कर सकती हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को उजागर किया और कहा कि इस पर तुरंत कदम उठाए जाने चाहिए।
आरोपी से पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी ने मुख्यमंत्री पर हमला क्यों किया। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद है।