Akhilesh Yadav: रामलीला मैदान में अखिलेश यादव का बीजेपी पर बड़ा हमला, बोले- 'जमीन बची नहीं, अंगद का पैर कहां रखोगे'
दिल्ली के रामलीला मैदान में 'इंडिया' गठबंधन की रैली; सपा प्रमुख ने वोट चोरी, चुनाव में धांधली और राम मंदिर चढ़ावे को लेकर सरकार को घेरा।
भदैनी मिरर पॉलिटिकल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' (INDIA) की विशाल रैली के दौरान समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखेिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार पर तीखे सियासी प्रहार किए। इस दौरान उन्होंने चुनाव में धांधली, वोट चोरी और लोकतंत्र को कमजोर करने के गंभीर आरोप लगाए।
अखिलेश यादव ने हुंकार भरते हुए कहा कि जब से यह तय हुआ था कि इंडिया गठबंधन एकजुट होकर लोकतंत्र को कमजोर करने वालों के खिलाफ आवाज उठाएगा, तब से जनता का भारी समर्थन उनके साथ जुड़ता नजर आ रहा है।
'1 करोड़ 27 लाख वोट काटे गए' — अखिलेश का बड़ा दावा
चुनावी प्रक्रिया और पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए सपा प्रमुख ने आंकड़ों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर 403 विधानसभाओं का गणित लगाया जाए, तो करीब 1 करोड़ 27 लाख वोट काटे गए हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में सुनियोजित तरीके से वोट कम किए गए हैं।
सत्ता पक्ष पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने तंज कसा, "जो लोग यह दावा कर के आए हैं कि वे 'अंगद का पैर' हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि जब जनता के बीच से जमीन ही नहीं बची है, तो पैर कहां रखोगे?"
डबल इंजन सरकार और काशी का जिक्र
अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने डबल इंजन सरकार के दावों पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को अजेय और डबल इंजन की सरकार होने का दावा करते थे, उन्हें उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी (Varanasi) की जनता ने करारा जवाब दे दिया है। उन्होंने कहा कि जनता अब इन दावों की असलियत समझ चुकी है और बदलाव का मन बना चुकी है।
इस रैली के जरिए सपा प्रमुख ने आगामी राजनीतिक रणनीतियों और विपक्ष की एकजुटता का कड़ा संदेश देते हुए सरकार को हर मोर्चे पर घेरने का संकल्प दोहराया।