{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Abhijit Dipke X Account Ban Warning: '10 अक्टूबर से पहले हटाया जा सकता है मेरा एक्स अकाउंट'

ममता बनर्जी के समर्थन पर किए गए पोस्ट को X ने किया ब्लॉक; मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान।

 

नई दिल्ली/वाराणसी (भदैनी मिरर): मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग कर रही 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक एवं संयोजक अभिजीत दीपके ने एक बड़ा बयान जारी किया है। दीपके ने आशंका जताई है कि आगामी 10 अक्टूबर से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर उनका आधिकारिक अकाउंट हटाया या बैन किया जा सकता है।

ममता बनर्जी को धन्यवाद देने वाली पोस्ट पर हुआ एक्शन

पूरा मामला पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा सीजेपी (CJP) के आंदोलन को दिए गए समर्थन से जुड़ा है। अभिजीत दीपके ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) की प्रमुख ममता बनर्जी के समर्थन का आभार जताते हुए 'एक्स' पर पोस्ट लिखा था— "कॉकरोच आंदोलन को अपना समर्थन देने के लिए धन्यवाद ममता बनर्जी मैडम! लोकतंत्र बचाने के लिए सभी भारतीयों को एक साथ आने की जरूरत है!"

इस पोस्ट को टीएमसी के राज्यसभा सांसद और संयुक्त सचिव डेरेक ओ ब्रायन ने भी रीट्वीट किया था। हालांकि, भारत सरकार के 'स्थानीय नियमों' (Local Laws) के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' ने इस पोस्ट को भारतीय यूजर्स के लिए प्रतिबंधित (Block) कर दिया है। वर्तमान में उक्त पोस्ट पर एक्स का संदेश दिख रहा है कि "स्थानीय नियमों के कारण यह पोस्ट प्रतिबंधित है।"

"10 अक्टूबर से पहले अकाउंट हट जाए तो हैरानी नहीं होगी"

पोस्ट पर एक्शन होने के बाद सांसद डेरेक ओ ब्रायन की प्रतिक्रिया को साझा करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा, "यदि केंद्र सरकार 10 अक्टूबर से पहले मेरा 'एक्स' खाता पूरी तरह हटा भी देती है, तो मुझे कोई हैरानी नहीं होगी।" टीएमसी सांसद ओ ब्रायन ने भी आरोप लगाया कि निष्पक्ष आवाजों को दबाने और पोस्ट प्रतिबंधित करने के पीछे केंद्र सरकार की घबराहट साफ दिख रही है।

10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर 'हल्ला बोल' का ऐलान

चुनावी प्रक्रिया और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं के खिलाफ सीजेपी ने अपना रुख और कड़ा कर लिया है। अभिजीत दीपके ने शनिवार को घोषणा की कि यदि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपना इस्तीफा नहीं देते हैं, तो 10 अक्टूबर को देशभर से कार्यकर्ता और नागरिक दिल्ली कूच करेंगे। 10 अक्टूबर को दिल्ली के ऐतिहासिक जंतर-मंतर पर विशाल विरोध-प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा।