{"vars":{"id": "125128:4947"}}

बंगाल में ओडिशा की मेडिकल छात्रा से गैंगरेप, आरोपी जंगल में ले गए; NCW ने मांगी रिपोर्ट

दुर्गापुर के निजी मेडिकल कॉलेज परिसर के पास हुई वारदात, तीन अज्ञात युवकों पर आरोप; छात्रा का मोबाइल छीना, धमकी देकर पैसे की भी मांग की
 

 

दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल) । पश्चिम बंगाल एक बार फिर शर्मसार हुआ है। दुर्गापुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज परिसर के पास शुक्रवार रात एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) की घटना सामने आई है। पीड़िता ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली है और कॉलेज में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की छात्रा बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8 से 8.30 बजे छात्रा अपनी एक सहेली के साथ कॉलेज कैंपस से बाहर खाने के लिए गई थी। तभी तीन अज्ञात युवकों ने उन्हें घेर लिया। छात्रा की सहेली किसी तरह वहां से भाग निकली, लेकिन आरोपियों ने पीड़िता का मोबाइल फोन छीन लिया और जबरन पास के सुनसान इलाके में ले जाकर दुष्कर्म किया।


जंगल में ले जाकर किया रेप, दी धमकी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी छात्रा को धमकी देते रहे कि अगर उसने किसी को बताया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने छात्रा से मोबाइल फोन वापस देने के बदले पैसे की मांग भी की। देर रात छात्रा किसी तरह हॉस्टल लौटी और घटना की जानकारी सहेलियों को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।


अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर

छात्रा को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने छात्रा और उसकी सहेली के बयान दर्ज कर लिए हैं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही छात्रा के माता-पिता शनिवार सुबह दुर्गापुर पहुंचे। छात्रा की मां ने बताया, “शुक्रवार रात करीब 10 बजे जब वह खाना खाने गई थी, तभी तीन लोगों ने उसके साथ यह जघन्य कृत्य किया।” उन्होंने कॉलेज प्रशासन पर भी लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि “कैंपस के आसपास सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं।”

एनसीडब्ल्यू की टीम करेगी जांच

घटना के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने स्वतः संज्ञान लिया है। एनसीडब्ल्यू सदस्य अर्चना मजूमदार ने कहा — “बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। पुलिस ऐसे मामलों में सख्त कदम नहीं उठा रही। हम मुख्यमंत्री से अपील करते हैं कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।”

वहीं, राज्य स्वास्थ्य विभाग ने भी कॉलेज प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। फॉरेंसिक टीम और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।