VNS: कोनिया में सिलेंडर से कूंचकर युवक की हत्या, वारदात के बाद आरोपी फरार
आदमपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश में वारदात; 26 वर्षीय अंकित राजभर के सिर पर गैस सिलेंडर से हमला कर उतारे मौत के घाट
भदैनी मिरर क्राइम डेस्क, वाराणसी। कानून व्यवस्था को एक बार फिर चुनौती देते हुए मनबढ़ों ने एक युवक के सिर पर भारी वस्तु से हमला कर मौत के घाट उतार दिया है। शनिवार की रात हुए रोंगटे खड़े कर देने वाली इस वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए है। घटना आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया इलाके की है।
बताया जा रहा है कि, तीन दबंगों ने रंजिश के चलते एक युवक के सिर पर गैस सिलिंडर से ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
रंजिश में वारदात को दिया गया अंजाम
मृतक की पहचान अंकित राजभर (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात लगभग 8 बजे पुरानी रंजिश को लेकर तीन दबंगों का अंकित से विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने घर में रखा गैस सिलिंडर उठाकर अंकित के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण अंकित ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक तीनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकलने में कामयाब रहे। स्थानीय निवासियों की सूचना पर आदमपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य (Evidence) जुटाए और पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के संबंध में एसीपी कोतवाली ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या की वजह रंजिश सामने आ रही है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
इस वारदात के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है, जिसके मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।