{"vars":{"id": "125128:4947"}}

अंबेडकरनगर में यूपी एसटीएफ ने 1 लाख के इनामी कुख्यात विक्की छैमार को किया ढेर, 21 से अधिक डकैती और हत्याओं में था वांछित, देखें क्राइम हिस्ट्री

विरोध करने पर पूरे परिवार को काट डालता था आसिफ, यूपी-हरियाणा समेत कई राज्यों में थी दहशत

 

बेवाना थाना क्षेत्र में तड़के 4 बजे हुई मुठभेड़; नोएडा एसटीएफ यूनिट को मिली बड़ी कामयाबी

मौके से 32 बोर की पिस्टल, 12 बोर की पौनिया और भारी मात्रा में कारतूस बरामद

अंबेडकरनगर (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ जारी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यूपी एसटीएफ (UP STF) को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार (7 जुलाई 2026) तड़के करीब 4:00 बजे अंबेडकरनगर जिले के बेवाना थाना क्षेत्र अंतर्गत जगदीशपुर मुस्लिमपुर के पास हुई एक भीषण मुठभेड़ में एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश आसिफ उर्फ विक्की छैमार को ढेर कर दिया। पुलिस को पिछले 8 साल से चकमा दे रहा यह अपराधी डकैती और लोमहर्षक हत्याओं का पर्याय बना हुआ था।

एसटीएफ पर झोंकी फायरिंग, अस्पताल में हुई मौत

एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, टीम ने जब बेवाना इलाके में घेराबंदी की, तो बाइक सवार बदमाश विक्की ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ में एसटीएफ की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक 32 बोर की पिस्टल, एक 12 बोर की पौनिया (कट्टा), भारी मात्रा में जिंदा व खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

क्रूरता की हदें पार करता था छैमार गैंग

मारा गया कुख्यात बदमाश आसिफ उर्फ विक्की मूल रूप से कानपुर नगर के बिल्हौर थाना क्षेत्र के मकरनपुर (धुरैथा) गांव का रहने वाला था। विक्की अपने गैंग के साथ मिलकर घरों में बंधक बनाकर डकैती डालता था और जरा सा भी विरोध होने पर पूरे परिवार पर धारदार हथियारों से हमला कर उनकी बेरहमी से हत्या कर देता था। इसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में डकैती, लूट और हत्या के 21 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।

इन सनसनीखेज वारदातों में थी तलाश

आसिफ उर्फ विक्की कई सालों से पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था। इसकी प्रमुख खूंखार वारदातें निम्नलिखित हैं:

  • जौनपुर डबल मर्डर (2014): शाहगंज में एक घर को बंधक बनाकर लाखों की डकैती डाली और परिवार के 5 सदस्यों को धारदार हथियार से मरणासन्न कर दिया, जिसमें इलाज के दौरान दो महिलाओं (स्वाति और सुमन) की मौत हो गई थी।

  • सुल्तानपुर डकैती (2013): कोतवाली देहात इलाके में अपने 10 साथियों के साथ घर में घुसकर हत्या की और डकैती डाली।

  • कौशांबी कांड (2015): कोखराज क्षेत्र में डकैती के दौरान मकान मालिक अवनि कुमार टैगोर के माता-पिता की नृशंस हत्या कर दी।

  • मुजफ्फरनगर में कहर (2015): छपार इलाके में एक ही रात में 5 से अधिक घरों में डकैती डाली और विरोध करने पर एक महिला को काटकर मरणासन्न कर दिया था।

  • कानपुर देहात (2021): रसूलबाद थाना क्षेत्र में तासीम नाम के व्यक्ति की हत्या को अंजाम दिया था।

लंबे समय से फरार चल रहे इस एक लाख के इनामी के मारे जाने से यूपी पुलिस और एसटीएफ ने बड़ी राहत की सांस ली है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।