{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: कड़े सुरक्षा के दावों के बीच कांवरियों के बैग से चोरी, ₹10 हजार और दो स्मार्टफोन पार

प्रयागराज से जल लेकर जा रहे कांवरियों को मिर्जामुराद में लगा चपत, पुलिस जांच में जुटी

 

वाराणसी। कड़े सुरक्षा घेरे और दावों के बीच शुक्रवार की सुबह मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में पुलिसिया व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा हो गया। बंगला चट्टी स्थित राधा कृष्ण मंदिर के पास विश्राम कर रहे कांवरियों के बैग से अज्ञात चोरों ने ₹10,000 की नगदी और दो महंगे एंड्रॉइड स्मार्टफोन पर हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि यह चोरी वहा बने राहत शिविर में सुरक्षा में लगे पुलिस की मौजूदगी के बावजूद हुई।

जानकारी के अनुसार फूलपुर थाना क्षेत्र के बरैनी (नेवादा) निवासी अजय कुमार और उनके साथी बादल, अपने दर्जनों अन्य साथियों के साथ प्रयागराज से पवित्र जल लेकर वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर जा रहे थे। यात्रा के दौरान गुरुवार की रात कांवरियों का दल बंगला चट्टी स्थित राधा कृष्ण मंदिर के पास में विश्राम करने के लिए रुका। शुक्रवार की सुबह जब कांवरिया सोकर उठे, तो उनके होश उड़ गए। बैग में रखे दो महंगे स्मार्टफोन, चार्जिंग केबल और लगभग 10,000 रुपये नकद गायब थे।

घटना का अहसास होते ही पीड़ित कांवरियों ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। इसके बाद पीड़ितों ने मिर्जामुराद थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। वही इस मामले में थाना प्रभारी मिर्जामुराद ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है। संदिग्धों की पहचान की कोशिश जारी है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।