{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: युवती की गला रेतकर युवक ने लगाई फांसी, केजे होटल के कमरे में दोनों का मिला शव

दोनों आपस में थे रिश्तेदार, पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा शव

 

वाराणसी, भदैनी मिरर। बड़ागांव के बाबतपुर स्थित केजे होटल में युवक-युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। होटल स्टाफ की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंट्री रजिस्टर से परिजनों से संपर्क कर बुलवाया गया। जब कमरा खुला का अंदर का नजारा देख सभी दंग रह गए। जानकारी मिलने पर डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान भी मौके पर पहुंची। 

जानकारी के अनुसार होटल के एंट्री रजिस्टर में 20 वर्षीय जय विकास निवासी भिखारीपुर (डीएलडब्ल्यू) मंडुवाडीह, वाराणसी और 23 वर्षीया प्रिया केसरी निवासी बसनी (बड़ागांव) वाराणसी (उम्र करीब 23 वर्ष) के नाम से कमरा बुक था। होटल में युवक-युवती के मृत होने की सूचना पर डीसीपी गोमती नीतू कादयान और एडीसीपी नृपेन्द्र ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम और मृतक दोनों के परिजनों की मौजूदगी में होटल के कमरे का दरवाजा तोड़कर खोला। कमरे में युवती के गले पर चाकू से वार किए जाने के निशान मिले तो वहीं युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला।

पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया युवक ने युवती की हत्या कर खुद को फांसी लगा ली है। बताया जाता है कि, युवक एवं युवती आपस में रिश्तेदार हैं। युवक, युवती की बहन का देवर था। पुलिस ने साक्ष्य संकलन के साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।