Varanasi: चौबेपुर थाने में महिला दरोगा ने जड़े दनादन 5 थप्पड़, Video वायरल होने पर सस्पेंड
थाना परिसर में महिला से मारपीट करने वाली सब-इंस्पेक्टर रोशनी सिंह पर विभागीय जांच के आदेश
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में खाकी को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। चौबेपुर थाना परिसर में तैनात एक महिला दरोगा द्वारा थाने में न्याय की आस लेकर आई एक दलित महिला फरियादी की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। करीब 8 सेकेंड के इस वायरल वीडियो में महिला सब-इंस्पेक्टर फरियादी को एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ती हुई दिखाई दे रही हैं।
इस घटना के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली और संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने आरोपी महिला दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया है और विभागीय जांच के सख्त आदेश जारी किए हैं।
जमीन विवाद को लेकर थाने पहुंचे थे दोनों पक्ष
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला चौबेपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर कला ग्राम पंचायत के परानापुर गांव का है। गांव में आबादी की जमीन को लेकर पूनम और दूसरे पक्ष के रामसेवक के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। इस जमीन विवाद को लेकर पहले भी गांव में पंचायत हो चुकी थी, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इसी सिलसिले में दोनों पक्ष अपनी फरियाद लेकर चौबेपुर थाने पहुंचे थे।
बहस बढ़ने पर दरोगा ने खोया आपा, बरसाए थप्पड़
सूत्रों के मुताबिक, थाने में सुनवाई के दौरान दूसरे पक्ष की गीता (पत्नी रामसेवक) महिला उपनिरीक्षक रोशनी सिंह के सामने अपना पक्ष रख रही थीं। इसी बीच किसी बात को लेकर महिला दरोगा और गीता के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कानून की रखवाला बनीं महिला दरोगा रोशनी सिंह ने आव देखा न ताव और गीता को दनादन कई थप्पड़ जड़ दिए। थाना परिसर में मौजूद किसी शख्स ने इस पूरी घटना का मोबाइल से वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
पति को हिरासत में लेने पर पूछताछ करने पहुंची थी महिला!
घटना को लेकर एक दूसरा पहलू भी सामने आ रहा है। कुछ स्थानीय सूत्रों का कहना है कि पुलिस किसी पुराने मामले में पूछताछ के लिए गीता के पति रामसेवक को थाने लेकर आई थी। जब इसकी भनक गीता को लगी, तो वह बदहवास हालत में थाने पहुंची और अपने पति को हिरासत में लेने का कारण पूछने लगी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों से उनकी बहस हो गई और महिला दरोगा ने आपा खोते हुए उनके साथ मारपीट कर दी।
DCP का सख्त एक्शन, जांच जारी
वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और उच्चाधिकारियों ने तुरंत इस पर रिपोर्ट तलब की। चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया था।
डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थप्पड़बाज महिला दरोगा रोशनी सिंह को सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस का काम जनता की सुरक्षा और मदद करना है, दुर्व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभागीय जांच की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद आरोपी दरोगा के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।