वाराणसी: कैंटोनमेंट के होटल में चली गोली, युवती घायल; प्रेम-प्रसंग के एंगल पर जाँच कर रही पुलिस
"फर्जी आईडी पर लिया था कमरा, विवाद के बाद गले के पास लगी गोली
वाराणसी (भदैनी मिरर): धर्मनगरी के कैंट थाना अंतर्गत कैंटोनमेंट स्थित एक होटल के कमरे में शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चलने से हड़कंप मच गया। घटना में गाजीपुर की रहने वाली एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसका उपचार मलदहिया स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस की शुरुआती जांच में होटल में जमा किए गए आईडी प्रूफ भी फर्जी पाए गए हैं।
शनिवार की घटना, रविवार को हुआ खुलासा
सूत्रों के अनुसार, यह घटना शनिवार दोपहर करीब 2:00 बजे की है, लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी रविवार को तब हुई जब अस्पताल प्रशासन ने सिगरा पुलिस को घायल युवती के बारे में सूचना दी। इसके बाद मामला कैंट पुलिस के संज्ञान में आया। बताया जा रहा है कि गाजीपुर की रहने वाली युवती वाराणसी के एक निजी संस्थान में नौकरी करती है और उसका प्रेम-प्रसंग शहर के ही एक युवक के साथ चल रहा है।
विवाद के बाद चली गोली
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर दोनों कैंटोनमेंट के एक होटल में पहुंचे थे। कमरे के भीतर किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद संदिग्ध परिस्थितियों में असलहे से गोली चल गई। गोली युवती के गले के पास लगी। घायल अवस्था में उसका प्रेमी उसे अपनी ही गाड़ी से लेकर मलदहिया स्थित निजी अस्पताल पहुँचा, जहाँ डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर गोली निकाली। युवती फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में बड़ा खुलासा: आईडी निकली फर्जी
कैंट थाना अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने जब मामले की छानबीन की, तो पता चला कि होटल में कमरा लेने के लिए युवक और युवती ने जो दस्तावेज (Documents) जमा किए थे, उनमें दर्ज पता फर्जी है। पुलिस अब उस युवक की तलाश में जुटी है जो घटना के बाद से ही पुलिस की रडार पर है। साथ ही उस असलहे की भी बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं जिससे गोली चली।
"हमें रविवार को जानकारी मिली कि कैंट स्थित एक होटल में युवक-युवती के बीच विवाद के बाद गोली चली है। युवती घायल है लेकिन खतरे से बाहर है। फर्जी पते के आधार पर कमरा लिया गया था, पुलिस युवक की तलाश कर रही है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।" — अपूर्वा पांडेय, एसीपी कैंट
युवती का बयान और अनसुलझे सवाल
हैरानी की बात यह है कि घायल युवती ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उसने खुद पर गोली चलाई। हालांकि, पुलिस इस थ्योरी को शक की निगाह से देख रही है, क्योंकि युवक का फरार होना और फर्जी पते का इस्तेमाल करना मामले को संदिग्ध बना रहा है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।