{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: हिंदू नाम बताकर बंगाल की युवती से दुष्कर्म, ब्लैकमेल कर कराया देह व्यापार

काशी विश्वनाथ दर्शन करने आई पीड़िता को शनि मिश्र बनकर झांसे में लिया, अश्लील वीडियो बनाकर देह व्यापार और धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव; CP के आदेश पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज।

 

वाराणसी (भदैनी मिरर)। धर्म नगरी वाराणसी में आस्था के केंद्र काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने आई पश्चिम बंगाल (उत्तर 24 परगना) की एक महिला के साथ छलावा, दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धर्मांतरण के दबाव का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पुलिस कमिश्नर (CP) के हस्तक्षेप और सख्त आदेश के बाद कैंट थाना पुलिस ने आरोपी दो सगे भाइयों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

'शनि मिश्र' बनकर हासिल किया नंबर, शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म

पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2020 में वह अपनी सहेली के साथ श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए वाराणसी आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात ओंकालेश्वर (थाना आदमपुर) निवासी मोहम्मद फैज से हुई। फैज ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर खुद का नाम 'शनि मिश्र' बताया और होटल में कमरा दिलाने के बहाने महिला का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया।

इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई और आरोपी ने महिला को शादी का झांसा देकर अपने विश्वास में ले लिया। फिर उसे वाराणसी बुलाया और एक होटल में नशीला पदार्थ/शराब पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग और जबरन देह व्यापार

पीड़िता का आरोप है कि मोहम्मद फैज और उसके भाई इब्राहिम ने धोखे से उसकी अश्लील वीडियो क्लिप बना ली। इस वीडियो के आधार पर दोनों भाइयों ने महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और उसे जबरन देह व्यापार के गंदे धंधे में धकेल दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़िता के सोने के गहने और नकदी भी चुरा ली।

असलियत खुली तो धर्म परिवर्तन और निकाह का दबाव

जब पीड़िता को आरोपी की असली मुस्लिम पहचान का पता चला, तो उसने विरोध किया। इस पर दोनों भाइयों ने उस पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। मना करने पर अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं।

पुलिस कमिश्नर के आदेश पर दर्ज हुई FIR

आरोपियों के चंगुल से परेशान होकर पीड़िता ने वाराणसी के पुलिस कमिश्नर से गुहार लगाई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीपी के निर्देश पर कैंट पुलिस ने आरोपी मोहम्मद फैज और इब्राहिम के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई है।