वाराणसी: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, दूल्हे के ताऊ का मर्डर
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र के मरूई गांव में बुधवार की रात एक शादी समारोह के दौरान दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ मनबढ़ों ने दूल्हे के बड़े पिता (ताऊ) की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद सूचना मिलने के घंटों बाद पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया और पूरे गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, (वाराणसी) राजातालाब थाना क्षेत्र के मरूई गांव निवासी हिमांशु का मिर्जापुर जिले के चुनार थाना क्षेत्र की एक युवती से प्रेम प्रसंग था। बुधवार की रात मरूई गांव में ही लड़के के घर पर दोनों का विवाह संपन्न होना था। मृतक के भाई श्याम बिहारी ने बताया कि जयमाल की रस्म के बाद जब शादी की आगे की तैयारियां चल रही थीं, तभी इस प्रेम विवाह से नाराज दुल्हन का सगा भाई वहां पहुंच गया और विरोध करने लगा। उस वक्त वहां मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह समझा-बुझाकर उसे वहां से भगा दिया।
वहां से जाने के बाद आक्रोशित भाई अपने साथ करीब आधा दर्जन मनबढ़ युवकों को लेकर वापस लौटा। आरोपियों ने दूल्हे के पड़ोस में ही रहने वाले उसके बड़े पिता बहादुर राम (48 वर्ष) पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, बहादुर राम खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े और आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के घंटों बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद घायल बहादुर राम को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुरुवार की सुबह घटना स्थल पर डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान भारी पुलिस बल के साथ पहुंचीं और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
मृतक बहादुर राम पास के ही एक मुर्गी फार्म पर मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में चार पुत्रियां और एक पुत्र है, जिनमें से दो बेटियों की शादी हो चुकी है। इस अचानक आई विपत्ति से मृतक की पत्नी नौरंगी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद न्याय की गुहार लगाते हुए मृतक की बेटी रंजना ने रोते हुए कहा: "जिस बेरहमी से मेरे पिता को मारा गया है, पुलिस उन अपराधियों को भी उसी तरीके से सजा दे, ताकि हम लोगों को इंसाफ मिल सके।"