वाराणसी: 5 साल की मासूम से अश्लील हरकत करने वाला वसीम गिरफ्तार, जैतपुरा पुलिस की 4 घंटे में बड़ी कार्रवाई
सलारपुरा मस्जिद के पास से आरोपी धराया, बच्ची से छेड़खानी के बाद इलाके में आक्रोश
वाराणसी (भदैनी मिरर)। वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहाँ सलारपुरा इलाके में महज़ 5 वर्ष की मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकत और छेड़खानी की घटना को अंजाम दिया गया। हालांकि, पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर जैतपुरा पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज चार घंटे के भीतर ही धर दबोचा।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जैतपुरा के सलारपुरा निवासी पीड़ित परिवार की 5 वर्षीय बच्ची अपने घर के पास खेल रही थी। उसी दौरान क्षेत्र के ही रहने वाले मो. वसीम उर्फ समीर (32 वर्ष) ने मासूम को अकेला पाकर उसके साथ छेड़खानी और अश्लील हरकत की। रोती-बिलखती बच्ची ने जब परिजनों को आपबीती बताई, तो परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने बिना देरी किए जैतपुरा थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र दिया।
4 घंटे में पकड़ा गया आरोपी
मासूम से जुड़ी संवेदनशील घटना को गंभीरता से लेते हुए जैतपुरा थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया और आरोपी की घेराबंदी के लिए पुलिस टीम गठित की।
मुकदमा दर्ज होने के महज चार घंटे के भीतर, सोमवार शाम करीब 7:55 बजे पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर आरोपी मो. वसीम उर्फ समीर को सलारपुरा मस्जिद के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे अदालत में पेश किया जा रहा है।
त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे भेजने वाली टीम में जैतपुरा थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक जफर मेहदी, कांस्टेबल सूरज कुमार एवं कांस्टेबल आशीष कन्नौजिया मुख्य रूप से शामिल रहे। पुलिस की इस मुस्तैद कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।