वाराणसी: महमूरगंज के डोसा कार्नर पर दो युवतियों ने किया हंगामा, दुकान के सामान को सड़क पर फेंका; FIR दर्ज
गल्ले से नकदी निकालने का कथित आरोप; सीसीटीवी फुटेज में ब्लॉगिंग करते हुए कैद हुईं युवतियां
भदैनी मिरर,वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के व्यस्ततम इलाके महमूरगंज में स्थित प्रसिद्ध लीलालराम डोसा कार्नर (Leelalram Dosa Corner) पर शनिवार रात जमकर तांडव देखने को मिला। स्कूटी से पहुंची दो युवतियों ने दुकान में घुसकर न सिर्फ भारी तोड़फोड़ की बल्कि सारा सामान उठाकर सड़क पर फेंक दिया। दुकानदार ने युवतियों पर रंगदारी मांगने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
दुकान के मालिक बाल मुकुंद द्वारा भेलूपुर थाने में दी गई तहरीर के मुताबिक, शनिवार रात करीब 8 बजे काले रंग की एक्टिवा स्कूटी से दो युवतियां डोसा कार्नर पर पहुंचीं। आरोप है कि उन्होंने आते ही रंगदारी मांगनी शुरू कर दी। जब दुकान के कर्मचारियों ने पैसे देने से इनकार किया, तो दोनों युवतियां भड़क गईं और दुकान के अंदर घुसकर हंगामा करने लगीं।
युवतियों ने काउंटर पर रखा सामान उठाकर सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान जब दुकान के कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों ने विरोध किया, तो युवतियों ने उनके साथ भी हाथापाई और मारपीट की। इस हंगामे के बीच वहां मौजूद एक ग्राहक का छोटा बच्चा भी चोटिल हो गया।
गल्ले से नकदी निकालने की कोशिश और धमकियां
दुकानदार का यह भी आरोप है कि जाते-जाते दोनों युवतियों ने गल्ले (कैश काउंटर) से नकदी निकालने की भी कोशिश की। उन्होंने दुकान के लोगों को जान से मारने और फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित दुकानदार के अनुसार, युवतियों ने अपना संबंध सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा निवासी मनोज चौरसिया, ओमप्रकाश चौरसिया और सुजल चौरसिया के परिवार से बताया है।
ब्लॉगिंग करते हुए दुकान में घुसी युवतियां, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत
घटना का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, उसमें साफ देखा जा सकता है कि दोनों युवतियां पहले स्कूटी से दुकान के बाहर पहुंचती हैं। इसके बाद वे सड़क से ही मोबाइल पर वीडियो बनाते हुए (ब्लॉगिंग करते हुए) दुकान में प्रवेश करती हैं और फिर अचानक हंगामा व तोड़फोड़ शुरू कर देती हैं। फुटेज में वे ग्राहकों और बीच-बचाव कर रहे लोगों से तीखी बहस करती हुई भी नजर आ रही हैं। सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब भी उनका हंगामा जारी रहा।
दूसरा पक्ष: मारपीट का लगाया आरोप
वायरल फुटेज के ऑडियो में विवाद का दूसरा पहलू भी सामने आ रहा है। तोड़फोड़ शुरू होने से ठीक पहले एक युवती कहती हुई सुनाई देती है, "मेरे पापा को इन लोगों ने मारा है और इन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।" इससे इस बात की आशंका जताई जा रही है कि यह पूरा मामला किसी पुराने पारिवारिक विवाद या आपसी रंजिश से भी जुड़ा हो सकता है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
भेलूपुर थाने के इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने बताया कि दुकान मालिक बाल मुकुंद की लिखित शिकायत और सौंपे गए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो अज्ञात युवतियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फुटेज में दिख रही युवतियों की पहचान करने और मामले के हर पहलू की गहराई से जांच करने में जुटी हुई है।