{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: चोलापुर में चोरों का तांडव, स्कूल की बाउंड्री फांदकर उखाड़ ले गए गेट, फर्नीचर और शौचालय का दरवाजा

ग्राम सभा टिशौरा स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बीती रात बेखौफ चोरों ने दिया वारदात को अंजाम

 

वाराणसी (भदैनी मिरर)। चोलापुर थाना क्षेत्र में आपराधिक तत्वों और चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे विद्या के मंदिर को भी निशाना बनाने से नहीं हिचक रहे हैं। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा टिशौरा स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बीती रात बेखौफ चोरों ने बाउंड्री फांदकर चोरी की एक बड़ी घटना को अंजाम दिया।

चोरों की दुस्साहस का आलम यह था कि वे स्कूल का पुराना मुख्य गेट, फर्नीचर, लोहे का कीमती सामान और यहां तक कि शौचालय में लगा दरवाजा तक उखाड़ कर रफूचक्कर हो गए।

सुबह स्कूल खुलने पर हुआ खुलासा

मंगलवार सुबह जब विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी पहुंचे, तो परिसर का नजारा देखकर दंग रह गए। मुख्य गेट बंद होने के बावजूद चोर बाउंड्री वॉल कूदकर भीतर दाखिल हुए थे और पूरा सामान समेट ले गए।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रधानाध्यापक रामनाथ कुमार ने तुरंत स्थानीय पुलिस और डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर पूरी जानकारी जुटाई। घटना की खबर फैलते ही ग्राम प्रधान संजय यादव भी ग्रामीणों संग मौके पर पहुंच गए।

5-6 महीने पहले भी उखड़ ले गए थे नल की टोटी 

स्थानीय ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए बताया कि इस विद्यालय में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी करीब 5 से 6 महीने पूर्व चोरों ने इसी स्कूल को निशाना बनाया था और परिसर में लगी नल की टोटियां तक उखाड़ ले गए थे। बार-बार हो रही इन वारदातों के बावजूद ठोस सुरक्षा उपाय न किए जाने से ग्रामीणों और शिक्षकों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि गांव का सरकारी स्कूल ही सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों के घरों की सुरक्षा का क्या होगा।

पुलिस जांच में जुटी

खबर लिखे जाने तक मामले में पुलिस को औपचारिक तहरीर दिए जाने और मुकदमा दर्ज होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। फिलहाल, चोलापुर थाना पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छानबीन कर रही है और चोरों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।