{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: सारनाथ में बंद मकान का ताला तोड़ चोरों ने उड़ाए 10 लाख के गहने और 3 लाख कैश

वारदात: बड़ी मां के निधन पर गाजीपुर गए थे पीड़ित महेंद्र यादव; रिश्तेदार के पहुंचने पर खुला ताला टूटने का राज, सीसीटीवी खंगाल रही सारनाथ पुलिस।

 

वाराणसी, भदैनी मिरर:

वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ पुराना आरटीओ ऑफिस के पीछे स्थित एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार कर दी। घटना के वक्त गृह स्वामी अपने परिवार के साथ गांव गए हुए थे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सारनाथ पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पीड़ित ने पुलिस को कुल मिलाकर करीब 13 लाख से अधिक की चोरी की तहरीर दी है।

बड़ी मां के निधन पर गाजीपुर गया था परिवार

मूल रूप से तुलसीपुर (सैदपुर, गाजीपुर) के रहने वाले महेंद्र यादव वाराणसी में ही एक आभूषण कारोबारी की दुकान पर काम करते हैं और पुराना आरटीओ के पीछे मकान बनाकर रहते हैं। महेंद्र यादव ने बताया कि बीते 16 जून को उनकी बड़ी मां का निधन हो गया था, जिसके कारण वह अपनी पत्नी और बच्चों को लेकर गाजीपुर स्थित अपने पैतृक गांव गए हुए थे। घर पूरी तरह से बंद था।

रिश्तेदार के पहुंचने पर हुआ सनसनीखेज खुलासा

बृहस्पतिवार को महेंद्र यादव का एक रिश्तेदार उनसे मिलने के लिए वाराणसी स्थित उनके घर पहुंचा। वहां मुख्य गेट का ताला टूटा देख उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत इसकी जानकारी पड़ोसियों को दी, जिसके बाद महेंद्र यादव को फोन पर वारदात की सूचना दी गई। चोरी की खबर सुनते ही महेंद्र यादव आनन-फानन में गाजीपुर से वाराणसी अपने घर पहुंचे। अंदर जाकर देखा तो अलमारियों के ताले टूटे थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था।

बच्चों के गुल्लक भी तोड़ ले गए चोर पीड़ित महेंद्र यादव के मुताबिक, चोरों ने अलमारी में रखे करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण साफ कर दिए। चोरी गए जेवरातों में एक सोने का हार, दो चूड़ियां, चार अंगूठियां, एक लॉकेट, एक मांग टीका, एक चेन, कान की बाली और एक मंगलसूत्र शामिल है। इसके अलावा 300 ग्राम चांदी की पायल और लॉकर में रखे 3 लाख रुपये नकद भी गायब थे। क्रूरता की हद यह रही कि चोरों ने मासूम बच्चों के गुल्लक भी तोड़ दिए और उसमें जमा की गई चिल्हर व पैसे भी समेट ले गए।

पीछे चल रहा था नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट, पुलिस जांच में जुटी

महेंद्र यादव ने बताया कि उनके घर के ठीक पीछे रात में एक नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता चल रही थी, जो करीब रात 11:30 बजे तक जारी थी। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने इसके बाद ही या भीड़भाड़ का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया। पीड़ित की सूचना पर डायल 112 और सारनाथ थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स ने भी घटनास्थल से उंगलियों के निशान और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं।

सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि चोरी के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास और कॉलोनी के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। जल्द ही मुकदमा दर्ज कर घटना का अनावरण किया जाएगा।