{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: 12.50 लाख की सोने की चेन चुराकर बैंक में गिरवी रखी, 8 लाख का लोन लेने वाला शातिर चोर गिरफ्तार

चौकाघाट फ्लाईओवर के नीचे सड़क विवाद के दौरान गिरी थी 74 ग्राम की चेन; सिगरा पुलिस ने 200 CCTV खंगालकर आरोपी बाबूलाल को दबोचा

 

वाराणसी (सिगरा) / भदैनी मिरर: वाराणसी की सिगरा थाना पुलिस ने करीब 12.50 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन चोरी कर उसे बैंक में गिरवी रखकर लोन लेने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चोरी की चेन को पुश्तैनी बताकर बैंक से लाखों रुपये ऐंठ लिए थे। एसीपी चेतगंज शुभम जैन ने शुक्रवार को इस पूरे सनसनीखेज फर्जीवाड़े और चोरी का खुलासा किया।

सड़क विवाद के दौरान गिरी थी 74 ग्राम की चेन

घटनाक्रम के अनुसार, बीते 10 सितंबर की रात बॉडी बिल्डर और परेड कोठी निवासी अविनाश प्रताप सिंह अपनी पत्नी और साथी फैजान के साथ पार्टी से घर लौट रहे थे। चौकाघाट फ्लाईओवर के नीचे रोडवेज बस स्टैंड के सामने पिलर नंबर 42 के पास बाइक सवारों से गाड़ी का शीशा छू जाने पर कहासुनी हो गई। बाइक पर जौनपुर निवासी चार लोग सवार थे जो एक शवदाह में शामिल होकर लौट रहे थे।

विवाद और धक्का-मुक्की के दौरान अविनाश के गले से उनकी 74 ग्राम वजन की भारी सोने की चेन टूटकर नीचे गिर गई। इसी बीच वहां से गुजर रहे टकटकपुर (अनौला) निवासी बाबूलाल चौरसिया की नजर गिरी हुई चेन पर पड़ी और उसने चुपके से उसे उठा लिया।

200 CCTV कैमरों की मदद से पुलिस पहुंची आरोपी तक

चेन गायब होने पर पीड़ित अविनाश प्रताप सिंह ने सिगरा थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र और रोडवेज चौकी प्रभारी विकास सिंह की टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फॉरेंसिक व सर्विलांस टीम की मदद से संदिग्ध बाबूलाल चौरसिया की पहचान हुई और पुलिस उस तक जा पहुंची।

पुश्तैनी बताकर बैंक में रखी गिरवी, 8 लाख का लिया लोन

पूछताछ में चौंकाने वाला सच सामने आया। शातिर चोर बाबूलाल ने चोरी की सोने की चेन को अपना पुश्तैनी जेवर बताते हुए बैंक में गिरवी रख दिया और उस पर ₹8 लाख का गोल्ड लोन हासिल कर लिया।

सिगरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बैंक प्रक्रिया पूरी कराकर चोरी की चेन को सुरक्षित बरामद कराया। आरोपी बाबूलाल चौरसिया का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है; उसके खिलाफ प्रयागराज जीआरपी में लूट और चोरी के 5 मुकदमों सहित कुल 6 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।