{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: फिर घुटने के नीचे लगी पुलिस की गोली, शिवपुर के खुशहाल नगर में महिला से चेन लूटने वाला बदमाश मुठभेड़ में अरेस्ट

बिहार का शातिर बदमाश घायल, घटना में महिला को सिर पर आई थी चोटें 

 

भदैनी मिरर (डिजिटल डेस्क): वाराणसी के थाना शिवपुर क्षेत्रान्तर्गत हरिहरपुर के पास गुरुवार देर रात 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत चेकिंग के दौरान पुलिस और शातिर अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से 24 अगस्त को खुशहाल नगर में महिला से बर्बरतापूर्वक चेन लूटने वाला अभियुक्त घायल होकर गिर पड़ा। जिसे पुलिस ने तत्काल हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।

बैरीकेड तोड़कर भागा, पुलिस टीम पर झोंका फायर 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 अगस्त 2026 की रात करीब 11:00 बजे शिवपुर थाना पुलिस हरिहरपुर के समीप संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जब उसे रोकने का प्रयास किया, तो वह बैरीकेड तोड़कर तेजी से भागने लगा। कुछ ही दूरी पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर स्लिप हो गई, जिसके बाद बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जानलेवा नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा।

मुठभेड़ में घायल अभियुक्त की पहचान शशि भूषण (उम्र लगभग 28 वर्ष), पुत्र लक्ष्मी नारायण, निवासी तार बांग्ला बिजली कॉलोनी, थाना डेहरी, जनपद रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से 1 अवैध तमंचा .315 बोर, 1 अदद जिन्दा कारतूस, 1 पीली धातु (सोने) की चेन, 1 पल्सर मोटरसाइकिल (बिना नंबर प्लेट) बरामद की है।

खुशहाल नगर की बर्बर चेन स्नेचिंग का खुलासा

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी शशि भूषण ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर बीते 24 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3 बजे खुशहाल नगर (बड़ालालपुर) में एक महिला से सोने की चेन लूटी थी।

पीड़िता प्रिया सिंह (पत्नी कृष्ण कुमार सिंह, मूल निवासी सिंगारपुर, गाजीपुर) द्वारा दर्ज कराई गई तहरीर के अनुसार, वह अपने बच्चों को स्कूल से लेकर खुशहाल नगर स्थित किराए के मकान के गेट पर पहुंची थीं। तभी मुंह बांधे बदमाशों ने उन पर हमला कर गले से सोने की चेन छीन ली और उन्हें जोर से धक्का दे दिया, जिससे उनका सिर फट गया था और गंभीर चोटें आई थीं। इस घटना के संबंध में थाना शिवपुर पर बीएनएस के तहत मामला पंजीकृत था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार घायल अभियुक्त का इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है तथा मामले में आगे की अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।