वाराणसी: चौबेपुर में नाले से मिला मजदूर का संदिग्ध शव, परिजनों ने जताई मारपीट कर हत्या की आशंका
मोलनापुर में पुलिया के नीचे औंधे मुंह पड़ा मिला 42 वर्षीय जयप्रकाश का शव, शराब ठेके पर विवाद का आरोप; जांच में जुटी पुलिस
चौबेपुर (वाराणसी)। थाना क्षेत्र के मोलनापुर मिश्रानपुरा मोड़ के समीप शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने सिंचाई के नाले में एक अधेड़ का शव औंधे मुंह पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पहुंची चौबेपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ढाबे पर काम करता था मृतक, रक्षाबंधन की छुट्टी पर आया था घर
मृतक की शिनाख्त मोलनापुर गांव निवासी 42 वर्षीय जयप्रकाश गौड़ उर्फ 'खलनायक' (पुत्र स्व. रामनाथ) के रूप में हुई। ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार जयप्रकाश एक ढाबे पर मजदूरी करता था और उसे शराब पीने की आदत थी। रक्षाबंधन के त्योहार के कारण ढाबे पर छुट्टी थी, जिसके चलते वह घर पर ही था। शुक्रवार शाम वह घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह गांव के बाहर नाले में उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि शुक्रवार शाम जयप्रकाश शराब ठेके पर गया था, जहां उसका चार युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। परिजनों की आशंका है कि उन्हीं लोगों ने मारपीट कर उसकी हत्या कर दी और शव को छिपाने की नीयत से नाले में फेंक दिया।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
जयप्रकाश अपने छह भाइयों में से एक था। उसके परिवार में पत्नी चंदा देवी (जो शहर के एक अस्पताल में खाना बनाने का काम करती हैं) और दो मासूम बेटे—लकी (13) और अंश (8) हैं। घर के कमाऊ सदस्य की इस तरह संदिग्ध परिस्थिति में मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई: पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक दुर्गेश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीक मुआयना किया। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। परिजनों की तहरीर और रिपोर्ट के आधार पर मामले की नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।