वाराणसी: छात्र पर जानलेवा हमला, पुराने RTO के पास रोककर पीटा,थाने में पड़ी तहरीर
सारनाथ थाना क्षेत्र में बीकॉम के छात्र दीपेन्द्र यादव के साथ दबंगई; ईंट से सिर पर प्रहार कर किया अधमरा, तहरीर के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी / भदैनी मिरर: धर्मनगरी वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराने RTO चौराहे के पास रंगदारी और दबंगई की एक बेहद दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के बीकॉम (4th ईयर) के छात्र दीपेन्द्र यादव पर मनबढ़ युवकों के समूह ने घात लगाकर हमला कर दिया। रंगदारी देने से इंकार करने पर आरोपियों ने छात्र की जेब से 1,500 रुपये छीन लिए, उसका आईफोन (iPhone) ईंट से कूचकर क्षतिग्रस्त कर दिया और सिर पर ईंट मार-मारकर उसे अधमरा कर दिया।
घटना के संबंध में पीड़ित छात्र ने सारनाथ थाना प्रभारी को लिखित प्रार्थना पत्र (तहरीर) सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
क्लास खत्म कर लौट रहा था घर, रास्ते में घेरकर मांगी रंगदारी
ग्राम हिरमानपुर (थाना सारनाथ) निवासी पीड़ित छात्र दीपेन्द्र यादव (पुत्र ईश्वर दयाल यादव) ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह 29 सितंबर 2026 की शाम करीब 4:15 बजे कॉलेज की क्लास खत्म करके अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह पुराने RTO चौराहे से थोड़ा पहले पहुंचा, वहां पहले से घात लगाकर बैठे आर्यन यादव, प्रांजल यादव, प्रिंस यादव, प्रियांशु यादव और उनके साथ मौजूद 10 से 15 अज्ञात लड़कों ने उसे रास्ते में जबरन रोक लिया।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसे घेरकर गंदी-गंदी मां-बहन की गालियां दीं। आरोपी प्रांजल और आर्यन यादव ने छात्र से साफ शब्दों में कहा कि "अगर अशोका इंस्टीट्यूट में पढ़ाई करनी है, तो हर महीने 5,000 रुपये देने होंगे।"
मना करने पर ईंट से हमला, 1500 रुपये छीने
जब दीपेन्द्र ने रंगदारी का पैसा देने से साफ इंकार कर दिया, तो सभी आरोपी उग्र हो गए और मिलकर उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोपियों ने जबरन उसकी जेब में रखे 1,500 रुपये नकद छीन लिए। छात्र द्वारा विरोध करने पर दबंगों ने उसका महंगा आईफोन जमीन पर रखकर ईंट से कूचकर तोड़ दिया।
इतने से भी जब मनबढ़ों का मन नहीं भरा, तो उन्होंने जान से मारने की नीयत से दीपेन्द्र के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण छात्र वहीं लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। छात्र को मरा हुआ समझकर सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।
सारनाथ पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद स्थानीय लोगों व सहपाठियों की मदद से पीड़ित को उपचार के लिए पहुंचाया गया, जिसके बाद रात करीब 8:20 बजे पीड़ित छात्र ने सारनाथ थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई। सारनाथ थाना पुलिस ने प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर नामजद व अज्ञात युवकों के खिलाफ मामले की छानबीन और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।