वाराणसी: श्रीविद्या मठ हनुमान मंदिर चोरी का पर्दाफाश; शातिर चोर राजू खान समेत तीन गिरफ्तार, चांदी के मुकुट और आभूषण बरामद
भेलूपुर पुलिस और क्राइम टीम को मिली बड़ी सफलता; चोरी का माल खरीदने वाले दो सुनार भी भेजे गए जेल, आरोपी का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास
वाराणसी,भदैनी मिरर। धार्मिक नगरी काशी के भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीविद्या मठ (शंकराचार्य घाट/केदार घाट) स्थित श्री हनुमान मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस कमिश्नर वाराणसी के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, भेलूपुर पुलिस और सर्विलांस/क्राइम टीम के संयुक्त प्रयास से मुख्य आरोपी राजू खान और चोरी का माल खरीदने वाले दो सुनारों सहित कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
24 अप्रैल की रात को हुई थी मंदिर में चोरी
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि बीते 24 अप्रैल 2026 की रात को अज्ञात चोरों ने श्री हनुमान जी मंदिर को निशाना बनाया था। चोरों ने भगवान के गले का चांदी का हार, पीतल का लोटा, आचमनी पात्र और अन्य कीमती आभूषण चोरी कर लिए थे। इस संबंध में भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मोबाइल बंद कर छिपे आरोपी को पुलिस ने रत्नाकर पार्क से दबोचा
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद से ही टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को बहुत पहले ट्रेस कर लिया था, लेकिन शातिर चोर अपना मोबाइल फोन बंद कर किसी के संपर्क में नहीं था। अस्सी चौकी प्रभारी नवीन कुमार चतुर्वेदी, रेवड़ीतालाब चौकी प्रभारी शिवम श्रीवास्तव और सर्विलांस सेल के कांस्टेबल प्रशांत तिवारी की टीम ने लगातार जाल बिछाकर मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी राजू खान को रत्नाकर पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया। राजू खान थाना लंका क्षेत्र के साकेत नगर (नारिया) का रहने वाला है।
चोरी का माल खरीदने वाले दो सुनार भी गिरफ्तार
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी राजू खान ने कबूल किया कि उसने मंदिर से चुराए गए चांदी के आभूषण भेलूपुर क्षेत्र के दो सर्राफा व्यापारियों को बेचे थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी का माल खरीदने और इस साजिश में शामिल रहने के आरोप में दो दुकानदारों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सुनारों की पहचान ध्रुव कुमार वर्मा (निवासी रानीपुर, महमूरगंज) और संतोष वर्मा (निवासी सराय नंदन, दशमी, भेलूपुर) के रूप में हुई है।
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस टीम ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से पीली धातु (पीतल) का 01 लोटा, सफेद धातु (चांदी) की टूटी हुई गदा का ऊपरी भाग, सफेद धातु (चांदी) के 03 मुकुट, सफेद धातु (चांदी) की 01 चैन और एक टुकड़ा और ₹1,500 की नकद बरामद हुआ।
आरोपी राजू खान का लंबा है आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पकड़े गए मुख्य आरोपी राजू खान के खिलाफ पहले से ही चोरी और माल बरामदगी के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। राजू के ऊपर भेलूपुर और लंका में कुल 4 मुकदमें दर्ज है।
इसके अलावा चोरी का माल खरीदने वाले दोनों व्यापारियों ध्रुव कुमार वर्मा और संतोष वर्मा के खिलाफ भी धारा 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। इस खुलासे में चौकी प्रभारी अस्सी नवीन चतुर्वेदी, चौकी प्रभारी बजरडीहा शिवम श्रीवास्तव , कांस्टेबल सूरज कुमार भारती, संदीप कुमार और सर्विलांस टीम से प्रशान्त तिवारी सहित अन्य लोग शामिल रहे।