{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: संकटमोचन मार्ग से चाकू के दम पर युवक से छिनैती, लंका पुलिस ने 3 को गिरफ्तार कर XUV कार और ज्वेलरी की बरामद
 

 हाईवे पर मारपीट कर लूटे सोने के जेवर और मोबाइल: विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी
 

 

वाराणसी (भदैनी मिरर)। वाराणसी के थाना लंका पुलिस ने गाड़ी में बैठाकर छिनैती और मारपीट की दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने वाले 3 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त ब्लैक कलर की XUV300 कार, एक हैंडमेड चाकू और पीड़ित से छीने गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।


 

अस्सी घाट से घर लौटते समय रास्ते से किया था अगवा

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पीड़ित प्रिंस सेठ उर्फ सचिन सेठ (निवासी मां वैष्णो विहार अपार्टमेंट, भिकारीपुर कला, डीएलडब्ल्यू) ने लंका थाने में तहरीर दी थी। पीड़ित के अनुसार, 20 अगस्त 2026 की शाम लगभग 7 से 8 बजे के बीच जब वह अपनी स्कूटी से अस्सी घाट से रविंद्रपुरी होते हुए घर लौट रहा था, तभी संकट मोचन मार्ग पर हवेली से सटी गली में एक युवक ने उसे रोका।
इसी दौरान पीछे से आए दो अन्य युवकों ने उसकी गर्दन पर चाकू सटा दिया और जबरन अपनी काले रंग की XUV300 कार (UP 32 RE 5005) में बैठा लिया। आरोपी उसे प्रयागराज हाईवे की तरफ ले गए। गाड़ी में पीड़ित द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और भद्दी गालियां दीं।

गहने व मोबाइल छीनकर सर्विस लेन पर फेंका


बदमाशों ने पीड़ित से सोने की चेन, ब्रेसलेट, अंगूठी और मोबाइल फोन छीन लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए उसे हाईवे की सर्विस लेन पर फेंककर फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि वारदात के दौरान आरोपी आपस में एक-दूसरे को वैभव, राजेश्वर और अश्वनी नाम से पुकार रहे थे।


मुखबिर की सूचना और CCTV फुटेज से मिली सफलता

मामले की गंभीरता को देखते हुए लंका थाना पुलिस की टीम गठित की गई। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर 21 अगस्त 2026 को गढ़वा घाट के पीछे खाली मैदान के पास से घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अश्विनी कुमार निवासी ग्राम (नासिरपुर) चित्तईपुर वाराणसी, वैभव कुमार निवासी (दुल्लमपट्टी) सैय्यदराजा चंदौली और 
 राजेश्वर केसरी निवासी लोकवनपुर (घमुनिया मोड़) सैयदराजा चंदौली के रूप में हुई है।


तीनों आरोपियों के पास से 1 चेन, 1 ब्रेसलेट, 1 अंगूठी, 1 हैंडमेड चाकू और घटना में शामिल XUV300 कार बरामद की गई है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक लंका राजकुमार, रमना चौकी प्रभारी पवन कुमार पांडेय, संकटमोचन चौकी प्रभारी शिप्रा सिंह सहित पुलिस बल शामिल रहा।