Varanasi: पति को छुड़ाकर प्रेमिका को साथ रखा, रेप में गया जेल
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, मारपीट और धमकी देने के मामले में जौनपुर का आरोपी युवक गिरफ्तार
भदैनी मिरर (डिजिटल डेस्क), वाराणसी: लक्सा थाना पुलिस ने क्षेत्र की एक युवती की शिकायत पर दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। आरोपी पर आरोप है कि उसने युवती को प्रेम जाल में फंसाकर उसके पति से अलग कराया और अपने साथ रखकर उसका शारीरिक शोषण व उत्पीड़न किया।
जौनपुर में पढ़ाई के दौरान हुई थी जान-पहचान
लक्सा थाना प्रभारी राजू कुमार के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के छतारी निवासी राहुल शिवआसरे सिंह के रूप में हुई है। पीड़ित युवती जौनपुर स्थित अपनी रिश्तेदारी में रहकर कक्षा 6 से 12वीं तक पढ़ाई करती थी। उसी दौरान उसकी पहचान राहुल से हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।
पढ़ाई पूरी होने के बाद युवती अपने घर लौट आई और परिजनों ने उसकी शादी फूलपुर क्षेत्र में तय कर दी। वहीं आरोपी युवक की शादी भी उसके परिजनों ने दूसरी जगह करा दी। शादी के बाद भी आरोपी राहुल युवती से लगातार संपर्क में रहा, जिसे लेकर पूर्व में विवाद और पंचायत के जरिए सुलह भी हुई थी।
पति से अलग कराकर 20 दिन साथ रखा
आरोप है कि राहुल ने युवती को बहला-फुसलाकर उसके पति से अलग होने पर मजबूर कर दिया और अपने साथ ले आया। पिछले 20 दिनों से दोनों साथ रह रहे थे। इस दौरान आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की, दुष्कर्म किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। परेशान होकर पीड़िता ने लक्सा थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया।
सोनिया रोड से हुई गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए लक्सा पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी राहुल को सोनिया रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और फिलहाल घर पर ही रहता था। पूछताछ में वह खुद को राजनीतिक रसूख वाला बता रहा था। आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक घनश्याम मिश्रा, शिवकुमार और आरक्षी प्रदीप कुमार शर्मा शामिल रहे।