{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: कैंट स्टेशन के पास होटल में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, ACP चेतगंज की टीम का छापा, 3 युवक और 4 युवतियां गिरफ्तार

वाराणसी में तेजी से फैल रहा देहव्यापार का धंधा, सिगरा थाना क्षेत्र की टवेरा गली में बस स्टैंड और भोजनालय की आड़ में चल रहा था सेक्स रैकेट; आपत्तिजनक सामग्री बरामद

 

वाराणसी, भदैनी मिरर। धर्मनगरी वाराणसी में कैंट रेलवे स्टेशन के समीप अवैध गतिविधियों पर पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सिगरा थाना क्षेत्र के कैंट स्टेशन स्थित टवेरा गली के एक होटल में देह व्यापार की गुप्त सूचना पर पुलिस टीम ने अचानक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से 3 पुरुष और 4 महिलाओं को संदिग्ध अवस्था में हिरासत में लिया गया है।

एसीपी चेतगंज की अगुवाई में हुई बड़ी कार्रवाई

पुलिस आयुक्त (Commissioner of Police) के निर्देशों पर अपराध एवं अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एसीपी चेतगंज शुभम जैन (IPS) और सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र की संयुक्त टीम ने रोडवेज चौकी क्षेत्र के टवेरा गली में स्थित होटल पर छापेमारी की।

मामले की जानकारी देते हुए एसीपी चेतगंज शुभम जैन (IPS) ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बस स्टैंड और भोजनालय की आड़ में अनैतिक देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी तो वहाँ से 3 पुरुष और 4 महिलाएं आपत्तिजनक स्थिति में पाई गईं।

आपत्तिजनक सामग्री बरामद, होटल सीज

छापेमारी के दौरान मौके से कई अनैतिक व आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद हुई हैं। पुलिस ने विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए होटल और बरामद सामग्रियों को सीज कर दिया है। पूरी कार्रवाई की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इसकी ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई है।

घटनास्थल पर फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य (Evidence) एकत्रित किए हैं।

दोषियों पर होगी कठोरतम कार्रवाई

एसीपी शुभम जैन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस आयुक्त महोदय के सख्त निर्देश हैं कि शहर में किसी भी प्रकार का अपराध या अनैतिक कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले में संलिप्त सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।