Varanasi: फर्जी नौकरी के दस्तावेज दिखाकर बैंक से लिया 15 लाख का पर्सनल लोन, महिला पर प्राथमिकी
बैंक ऑफ बड़ौदा की विशेश्वरगंज शाखा में धोखाधड़ी का आरोप, 13.74 लाख रुपये पहुंचा बकाया
वाराणसी, भदैनी मिरर। फर्जी नौकरी और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर बैंक से 15 लाख रुपये का पर्सनल लोन लेने का मामला सामने आया है। बैंक ऑफ बड़ौदा की विशेश्वरगंज शाखा से जुड़े इस मामले में हुकुलगंज निवासी संजू यादव के खिलाफ कोतवाली थाने में धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
बैंक प्रबंधन की ओर से आरोप लगाया गया है कि महिला ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर फर्जी दस्तावेजों के सहारे ऋण हासिल किया और बाद में किस्तों का भुगतान बंद कर दिया। बैंक की ओर से न्यायालय में दाखिल परिवाद के अनुसार, संजू यादव पत्नी मनोज कुमार यादव ने 30 मार्च 2024 को विशेश्वरगंज शाखा में व्यक्तिगत ऋण के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि उसने खुद को नौकरीपेशा बताकर फर्जी और कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत किए और बैंक को गुमराह कर 15 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत करा लिया। ऋण की रकम प्राप्त करने के बाद उसने उसका उपयोग भी किया, लेकिन निर्धारित समय पर किस्तों का भुगतान नहीं किया।
भुगतान नहीं होने पर 11 मई 2025 को ऋण खाता एनपीए (गैर निष्पादित परिसंपत्ति) हो गया। इसके बाद बैंक की आंतरिक जांच में कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया। बैंक प्रबंधन के अनुसार, शाखा की ओर से कई बार फोन और अन्य माध्यमों से महिला को सूचना दी गई, लेकिन वह बैंक नहीं पहुंची। इसके बाद बैंक ने विधिक नोटिस भी भेजा। नोटिस में बकाया मूलधन 13 लाख 74 हजार आठ रुपये के साथ ब्याज और अन्य खर्च जमा करने की मांग की गई थी। बैंक की ओर से 27 जुलाई 2026 को कोतवाली थाने में शिकायत दी गई थी। कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस कमिश्नर को भी प्रार्थना पत्र भेजा गया। इसके बाद बैंक ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने संजू यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318, 319, 320, 321, 322 और 340 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।